बारातियों से भरी बस गिरी गहरी खाई में 13 की मौत, 34 घायल

पिथौरागढ़ / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,उत्तराखंड से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झूलाघाट के पास भारतीय सीमा से लगे क्षेत्र में बारात से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बस नेपाल के बैतड़ी जिले से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। गुरुवार देर रात पुरचुंणी नगरपालिका क्षेत्र के भवने गांव के पास बड़गांव मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, प्रहरी पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि हादसे में छह बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा पांच लोगों की डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई, जबकि दो घायलों ने कोटिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।






