प्रेम विवाह के बाद दहेज लोभी पति ने भाई से कराया दुष्कर्म ,बनाई वीडियो

काशीपुर /कुण्डा /उत्तराखंड (रिजवान अहसन ),,, कुंडा थाना क्षेत्रांतर्गत एक गांव निवासी युवक पर ठाकुरद्वारा की युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। युवती ने युवक के खिलाफ ठाकुरद्वारा कोतवाली में तहरीर देकर कानूनी कार्यवाही करने की गुहार पुलिस से लगाई है। ठाकुरद्वारा निवासी युवती का आरोप है उत्तराखंड के थाना कुण्डा अंतर्गत ग्राम लालपुर के एक युवक का मौहल्ले में रिश्तेदारी होने के कारण आना जाना था। आरोप है कि युवक ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और बीती 3 अप्रैल को जिला रामपुर यूपी निवासी अपने दोस्त के होलिका मन्दिर ठाकुरद्वारा के निकट स्थित कमरे पर बहाने से ले जाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो, फोटो खींचकर धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर दूंगा। माता-पिता को पूरी घटना से अवगत कराने पर उन्होंने थाना ठाकुरद्वारा में उक्त युवक के नाम रिपोर्ट दर्ज करायी तो पंचायत हुई। पंचायत में मौजूदा लोगों ने 8 अप्रैल को रजिस्ट्री कार्यालय ठाकुरद्वारा में विवाह पंजीकरण करा दिया। इसके बाद युवक और उसके परिवार वाले उसे अपने साथ ग्राम लालपुर ले गये। आरोप है कि युवक ने उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया और एक कमरे में बंद रखकर 9 अप्रैल की रात युवक ने फैजुल्लागंज निवासी अपने फुफेरे भाई से दुष्कर्म करवाया। अगले दिन युवक और उसके परिवार ने मारपीट कर उसे जान से मारने की कोशिश की और उसका हाथ जला दिया तथा दहेज में 15 लाख रुपये की मांग करते हुए घर से बाहर निकाल दिया। इस पर वह अपने घर ठाकुरद्वारा आ गई। चूंकि आरोपी युवक का अपनी बुआ के घर ठाकुरद्वारा आना जाना है, लिहाजा वह लगातार जान से मारने की धमकी देता आ रहा है। इस संबंध में उसने 6 मई को एक प्रार्थना पत्र वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद को दिया लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई भी कानूनी कार्यवाही नहीं हुई। पीड़िता ने एक बार फिर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की गुहार ठाकुरद्वारा पुलिस से लगाई है।


















