पुरैना अब्दुल रहमानपुर कांड में लापरवाही पर नूरपुर के उपनिरीक्षक शिवा नैन लाइन हाजिर

रिपोटर विकास सिंह
पुरैना अब्दुल रहमानपुर कांड में लापरवाही पर नूरपुर के उपनिरीक्षक शिवा नैन लाइन हाजिर
नूरपुर।तीन दिन पूर्व ग्राम पुरैना अब्दुल रहमानपुर में हुई गंभीर घटना के मामले में एसपी बिजनौर अभिषेक झा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नूरपुर थाने के उपनिरीक्षक शिवा नैन को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई घटना के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है।गौरतलब है कि नगर नूरपुर के सैनी मोहल्ला निवासी दो युवक मैनू और सोनू गत दिवस ग्राम पुरैना घूमने के लिए गए थे। जहां ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझकर पकड़ लिया और नंगा कर बेरहमी से पीटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर हालात संभालने पहुंची थी, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।पुलिस ने इस प्रकरण में कार्रवाई करते हुए 38 नामजद और 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, और गांव में पीएसी बल तैनात है।मामले की गंभीरता और घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के मद्देनज़र एसपी बिजनौर ने उपनिरीक्षक शिवा नैन को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















