पहलगाम आतंकी हमले पर आईरा इंटरनेशनल और आजाद प्रेस क्लब की सख़्त प्रतिक्रिया, कैंडल मार्च निकाल कर राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन !!

पहलगाम आतंकी हमले पर आईरा इंटरनेशनल और आजाद प्रेस क्लब की सख़्त प्रतिक्रिया, कैंडल मार्च निकाल कर राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन !!
स्योहारा, 24 अप्रैल 2025 | संवाददाता |
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हमले में निर्दोष और निहत्थे पर्यटकों की हत्या के विरोध में आईरा इंटरनेशनल रिपोर्टर एसोसिएशन (आईरा) एवं आजाद प्रेस क्लब, स्योहारा ने एकजुट होकर कड़ी निंदा व्यक्त की है। दोनों संगठनों ने इस विषय पर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह हमला केवल निर्दोष जानों पर नहीं, बल्कि भारत की अखंडता, शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सीधा प्रहार है। इसमें पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए चार प्रमुख मांगें की गई हैं:
प्रमुख मांगें:
आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक और कठोर कदम उठाए जाएं।
आतंकवादियों को त्वरित और कड़ा प्रतिशोध दिया जाए, जिससे भविष्य में ऐसे हमलों को रोका जा सके।
देश की आंतरिक एवं सीमावर्ती सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
पीड़ित परिवारों को तत्काल एवं उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
राज्य सचिव श्री अमीन अहमद ने स्पष्ट कहा कि “हम सभी का अधिकार है कि हम भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत करें। इस प्रकार की घटनाएं हमारे लोकतांत्रिक ढांचे और सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा हैं।”
ज्ञापन थाना प्रभारी निरीक्षक, स्योहारा के माध्यम से राष्ट्रपति महोदय को भेजा गया है। संस्था ने भरोसा जताया है कि महामहिम राष्ट्रपति इस गंभीर विषय का त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे।
आईरा न्यूज़ डेस्क, स्योहारा


















