असम/गुवाहाटी

नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने शानदार जीत से हैदराबाद एफसी पर लीग डबल पूरा किया

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

गुवाहाटी, 29 जनवरी: नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने बुधवार को अपने घरेलू मैदान इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 मुकाबले में हैदराबाद एफसी को 4-1 से धो डाला। इस जीत के साथ ही हाईलैंडर्स ने अपने आईएसएल इतिहास में पहली बार हैदराबाद एफसी पर लीग डबल पूरा कर लिया। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की जीत में स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर गिलर्मो फर्नांडीज ने 17वें, मोरोक्कन स्ट्राइकर अलाएद्दीन अजारेई ने 45वें, सेंटर-बैक अशीर अख्तर ने 79वें और मोरोक्कन मिडफील्डर मोहम्मद बेमामेर ने 89वें मिनट में गोल किए। मिडफील्डर मुथु मयक्कनण को सबसे अंतिम गोल में सहायता प्रदान करने और मिडफील्ड में प्रभावी खेल दिखाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

आज, हाईलैंडर्स को घर पर चार मैचों के इंतजार के बाद मिली जीत से स्पेनिश हेड कोच जुआन पेड्रो बेनाली निश्चित रूप से प्रसन्न होंगे। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी 18 मैचों में सात जीत, सात ड्रा और चार हार से 28 अंक लेकर तालिका में छठे से चौथे स्थान पर आ गई है। वहीं, टीम की करारी हार से हैदराबाद एफसी के अंतरिम हेड कोच शमील चेम्बाकाथ जरूर निराश होंगे। हैदराबाद एफसी 18 मैचों में तीन जीत, चार ड्रा और 11 हार से 13 अंक लेकर 13 टीमों की तालिका में 12वें स्थान पर बनी हुई है।

मैच का पहला गोल 17वें मिनट में आया, जब स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर गिलर्मो फर्नांडीज ने नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। लेफ्ट-विंगर मैकार्टन निक्सन ने अटैकिंग थर्ड से क्रॉस बॉक्स के अंदर डाला और गेंद का पीछा करते हुए राइट-विंगर जितिन एमएस ने गोल लाइन के ठीक ऊपर से जैसे-तैसे माइनस किया, जिस पर हैदराबाद के कप्तान व राइट-बैक अब्दुल रबीह हैडर से क्लीयर करने की कोशिश में गेंद दाहिने पोस्ट के ठीक आगे मौजूद गिलर्मो को दे बैठे और स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर ने बाएं पैर से गेंद को टैप करके बॉटम राइट कॉर्नर के अंदर पहुंचा दिया जबकि हैदराबाद एफसी के गोलकीपर अर्शदीप सिंह के पास बचाव का कोई मौका नहीं था। यह इस सीजन में गिलर्मो का पांचवां गोल है।

45वें मिनट में मोरोक्कन स्ट्राइकर अलाएद्दीन अजारेई ने इस सीजन का अपना 16वां गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की बढ़त को दुगना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। बॉक्स के ठीक बाहर एकदम सामने मिली फ्री-किक पर अजारेई ने करारा राइट फुटर शॉट लगाया और गेंद हैदराबाद एफसी के गोलकीपर अर्शदीप सिंह के ऊपर से क्रॉसबार के अंदरुनी हिस्से से टकराने के बाद गोल लाइन के पीछे टिप्पा खाने के बाद उछलकर गोल जाल में जा उलझी, वैसे गोलकीपर अर्शदीप के पास इस रॉकेट शॉट को रोकने का कोई मौका नहीं था।

70वें मिनट में लेफ्ट-बैक मनोज मोहम्मद ने गोल करके हैदराबाद एफसी को कुछ राहत पहुंचाते हुए स्कोर 1-2 कर दिया। बॉक्स के बाहर दाहिनी तरफ टच लाइन के करीब मिली फ्री-किक पर राइट-विंगर रामहुलुंचुंगा ने क्रॉस करके गेंद हवाई रास्ते से बॉक्स के अंदर पहुंचाई, जिस पर नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की डिफेंस सही ढंग से क्लीयर नहीं कर पाई, जिसका फायदा उठाकर मनोज ने बाएं पैर से शॉट लगाकर गेंद को टॉप लेफ्ट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में उलझा दिया जबकि गोलकीपर गुरमीत सिंह ने दाहिनी तरफ डाइव लगाई लेकिन बचाव नहीं कर पाए।

79वें मिनट में सेंटर-बैक अशीर अख्तर ने गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की बढ़त को 3-1 कर दिया। दाहिनी तरफ मिली कॉर्नर किक पर स्पेनिश मिडफील्डर नेस्टर अल्बियाच ने क्रॉस डालकर गेंद को छह गज के खतरनाक इलाके में डाला, जहां मौजूद मोरोक्कन स्ट्राइकर अलाएद्दीन अजारेई के हैडर को हैदराबाद एफसी के गोलकीपर अर्शदीप सिंह ने जरूर बचाया लेकिन रिबाउंड पर आई गेंद को अशीर ने हैडर करके टॉप लेफ्ट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में उलझा दिया और इस बार अर्शदीप के पास कोई मौका नहीं था।

89वें मिनट में मोरोक्कन मिडफील्डर मोहम्मद बेमामेर ने गोल करके नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की बढ़त को 4-1 कर दिया। मिडफील्डर मुथु मयक्कनण ने बायीं तरफ से अटैकिंग पर क्रॉस डालकर गेंद को सेंटर किया, जहां मौजूद बेमामेर ने बॉक्स के बाहर से करारा राइट फुटर शॉट लगाया और गेंद सर्बियाई सेंटर-बैक स्टेफान सेपिक के पैर से लगाकर उछली और सीधे गोल जाल में जा उलझी जबकि हैदराबाद एफसी के गोलकीपर अर्शदीप सिंह के पास बचाव का कोई मौका नहीं था।

पहले हाफ में दबदबा नॉर्थईस्ट यूनाइटेड का पूरी तरह से रहा, क्योंकि मेजबान टीम ने स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर गिलर्मो फर्नांडीज और मोरोक्कन स्ट्राइकर अलाएद्दीन अजारेई से गोल से बढ़त बनाई और उसे बरकरार रखा। लिहाजा, हाईलैंडर्स 2-0 की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गए। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण नॉर्थईस्ट यूनाइटेड का 51 फीसदी रहा। हाईलैंडर्स ने नौ प्रयास किए, जिनमें से दो शॉट टारगेट पर रखे और दोनों पर गोल आए। वहीं, गेंद पर 49 फीसदी कब्जा रखने वाली हैदराबाद एफसी की ओर से चार प्रयास किए गए और चारों ही टारगेट पर नहीं थे। लिहाजा गोल नहीं आया।

यह आईएसएल में दोनों टीमें के बीच 12वां मुकाबला था और आज, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने तीसरी बार जीत हासिल की है जबकि हैदराबाद एफसी ने छह मैच जीते हैं। तीन मुकाबले ड्रा रहे हैं। इस परिणाम के साथ ही इस सीजन में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में पलड़ा नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के पक्ष में रहा, क्योंकि हाईलैंडर्स ने 23 दिसंबर को खेले गए रिवर्स फिक्स्चर में हैदराबाद एफसी को 5-2 से हराया था।

HALIMA BEGUM

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button