नैनीताल ज़िलें मे निजी स्कूलों की होंगी व्यापक जांच

हल्द्वानी/ उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,जनपद नैनीताल में बिना मान्यता संचालित निजी विद्यालयों पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने ऐसे स्कूलों की जांच के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि कई निजी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए अब सभी विद्यालयों के मान्यता संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा।
इस संबंध में जनपद के सभी राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों की पूरी जानकारी एकत्र करें। इसमें विद्यालय की मान्यता की स्थिति, यू-डाइस कोड, संबंधित बोर्ड, मान्यता की वैधता अवधि और मान्यता देने वाले अधिकारी का विवरण शामिल होगा।
साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मान्यता प्रमाण पत्र की प्रति संलग्न करते हुए संबंधित जानकारी 10 अप्रैल 2026 तक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा कराएं। इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारी 11 अप्रैल 2026 तक समस्त सूचनाएं संकलित कर आगे प्रेषित करेंगे।




























