जन संवाद में आई मांगों व शिकायतों का अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर करें समाधान, ऑवर ड्यू ना होने दें – अभिषेक मीणा, निगमायुक्त।

जन संवाद में आई मांगों व शिकायतों का अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर करें समाधान, ऑवर ड्यू ना होने दें – अभिषेक मीणा, निगमायुक्त।
निगमायुक्त ने निगम अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, अभियंताओं को 100 दिन की कार्य योजना तैयार करने के दिए निर्देश।
करनाल 28 मई, नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी शाखाओं से संबंधित जन संवाद पोर्टल पर आई मांगों व शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना सुनिश्चित करें। किसी भी शाखा की शिकायतें ऑवर ड्यू नहीं होनी चाहिएं। इसके लिए उन्होंने सभी शाखाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने की सलाह दी।
निगमायुक्त, नगर निगम के सभागार में आयोजित बैठक में जन संवाद से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए निगम अधिकारियों के साथ समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन संवाद पोर्टल पर आई शिकायतों एवं समस्याओं का निर्धारित समय अवधि के दौरान प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाए।
100 दिन की कार्य योजना तैयार करें अभियंता- निगमायुक्त ने बैठक में मौजूद अभियंताओं को निर्देश दिए कि विकास कार्यों से जुड़ी सभी मांगों की 100 दिनों की कार्य योजना तैयार कर उसे जन संवाद पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर जैसे ही कोई मांग आती है, तो सबसे पहले उस कार्य की व्यवहार्यता को चेक किया जाए। अगर वह कार्य करने लायक है तो उसका अनुमान तैयार कर निविदा आमंत्रित की जाए।
बैठक में उन्होंने तहसीलदार शाखा के कानूनगों को सख्त निर्देश दिए कि कब्जा मुक्त करवाने से संबंधित शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की सूचना मिलते ही सम्बंधित व्यक्ति को 7 दिन का नोटिस जारी कर आगामी कार्यवाही शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों की संयुक्त आयुक्त से जल्द से जल्द जजमेंट करवाकर कब्जामुक्त करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को चेताया कि जन संवाद पोर्टल पर उच्च अधिकारियों द्वारा निगरानी की जाती है, इसलिए सभी अधिकारी गहन रूची लेकर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कार्य नही हो सकता है उसका कारण स्पष्ट बताया जाए तथा उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर तुरंत अपलोड की जाए।
इस अवसर पर उप निगम आयुक्त अशोक कुमार, उप रजिस्ट्रार (जन्म एवं मृत्यु) डॉ. रमेश शर्मा, कार्यकारी अभियंता सतीश शर्मा, सहायक अभियंता (इलैक्ट्रिक) अनूप कुमार, सचिव बल सिंह, कार्यालय अधीक्षक संतोष कुमारी, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अंकुश पराशर, कर अधीक्षक गगनदीप सिंह, मुख्य सफाई अधिकारी सुरेन्द्र चोपड़ा तथा सभी कनिष्ठï अभियंता मौजूद रहे।


















