चंबर के रास्ते को लेकर दो वकीलों मे चले लाठी डंडे, महिला पुलिसकर्मी सहित दो घायल

काशीपुर /उत्तराखंड,,,, कोर्ट परिसर के बाहर चैंबर मे रास्ते को लेकर दो अधिवक्ताओं में मारपीट हो गई। एक अधिवक्ता ने दूसरे के सिर पर लाठी से हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव में आई महिला पैरोकार भी घायल हो गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बार एसोसिएशन दोनों को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि बुधवार की दोपहर न्यायालय परिसर के बाहर अधिवक्ता विनय पाल की राकेश चौधरी से मारपीट हो गई। हमले में चौधरी के सिर पर लाठी लग गई।

जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। इस दौरान बीच-बचाव में पहुंची वहां तैनात पैरोकार सुमन गोस्वामी भी हमले में घायल हो गई। अधिवक्ता अपने-अपने चैंबर छोड़कर कोर्ट परिसर की ओर दौड़े और अधिवक्ताओं को छुडाया। इस दौरान घायल को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। उनके सिर पर टांके आए हैं। वहीं आरोपित अधिवक्ता फरार हैं। फिलहाल आईटीआई पुलिस को पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर सौंपी गई है। वहीं बार एसोसिएशन की ओर से दोनों अधिवक्ताओं को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अवधेश चौबे ने बताया कि कोर्ट परिसर में हुई घटना निंदनीय है। मामले में अधिवक्ता विनय पाल और राकेश चौधरी को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। दोनों अधिवक्ताओं में चैंबर के रास्ते को लेकर कुछ दिन से विवाद चल रहा था। दोनों के चैंबर आसपास हैं।


















