गदरपुर में नकली नोटों का बड़ा जखीरा बरामद, 4.54 करोड़ के नोटों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

गदरपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,उत्तराखंड में आर्थिक अपराधों के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गदरपुर पुलिस ने नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में दो शातिर आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
खोखे में छिपाकर रखे थे नोट, ऊपर असली नीचे नकली
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर सभी थानों को नकली नोट, नशा और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम करने को कहा गया है। इसी क्रम में गदरपुर पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ हैं।
पुलिस ने तुरंत दबिश दी और दो लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी में पुलिस भी हैरान रह गई। कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगे थे, जबकि नीचे Children Bank of India लिखे नकली नोट रखे गए थे। आरोपी इन्हीं नोटों को खपाने की तैयारी में थे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नंबर 06, थाना बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज, थाना गदरपुर के रूप में हुई है।
क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 गड्डी नकली 500 रुपये के नोट, 20 गड्डी ऊपर असली नीचे नकली नोट, 22 गड्डी “Children Bank of India” अंकित नकली नोट, 12 गड्डी मिश्रित नोट और 15 गड्डी अन्य संदिग्ध नोट बरामद किए। इसके अलावा एक काले-सफेद धारीदार बैग से 157 गड्डियां नकली नोटों की मिलीं। कुल बरामदगी करीब 4.54 करोड़ रुपये की है।
मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में मु0 FIR नं0 141/2026 धारा 179, 180, 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पता लगा रही है कि नकली नोट कहां से लाए गए, सप्लाई चेन में कौन-कौन शामिल है और इन्हें किन इलाकों में खपाया जाना था। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच हो रही है।
एसएसपी बोले – आर्थिक अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
एसएसपी अजय गणपति ने कहा, “जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस नकली नोट के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।


















