कवि सम्मेलन के मंच पर कवि को आया अटैक ,मौके पर ही हुई मौत

पंतनगर /उत्तराखंड (रिजवान अहसन ),,,,पंतनगर में आयोजित एक कवि सम्मेलन के दौरान बुजुर्ग कवि को हार्ट अटैक आ गया। जिससे उनकी मौत हो गयी। कवि को अचानक आये हार्ट अटैक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्तनगर में राष्ट्रीय स्वंय सुरक्षा अभियान के तत्वाधान में राष्ट्र एवं भारतीय सेना के वीर जवानों के सम्मान में रविवार को काव्य महोत्सव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। कवि सम्मेलन के मंच पर जब कवि एवं समाजसेवी 68 वर्षीय सुभाष चतुर्वेदी कविता पाठ कर रहे थे तभी अचानक कविता पढ़ते पढ़ते वह गिर पड़े। जिससे वहां हड़कम्प मच गया। आनन फानन में कवि सुभाष चतुर्वेदी को अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया। परिजन उसी समय उन्हें उनके पैतृक आवास मथुरा यूपी लेकर चले गए। वह अपने पीछे विवाहित बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। सुभाष चतुर्वेदी को 1974 में पंतनगर विवि में सहायक लेखाकार के पद पर नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2014 में उन्होंने वि वि से सेवानिवृत्त होकर जवाहर नगर में आवास बना लिया था और वि वि परिसर में स्टेट बैंक के पीछे बेटे की सेंटर कैंटीन संचालन में हाथ बंटाने लगे। उनको कविता पाठ का बेहद शौक था, जिसके चलते वह वि वि परिसर सहित आसपास के कवि सम्मेलनों में भाग लिया करते थे। जन्मभूमि आंदोलन के दौरान वह जेल भी गए थे हाल ही में संपन्न प्राण प्रतिष्ठा के दिन उन्होंने झा कालोनी मंदिर में लड्डू बंटवाए और भंडारे का आयोजन भी किया था। बताया जाता है कि सुभाष चतुर्वेदी को पूर्व में भी दो बार हार्ट अटैक आ चुका था। इस बार हार्ट अटैक उनकी मौत का कारण बन गया। कवि को अचानक आये हार्ट अटैक की वीडियो वहां मौजूद कैमरा मैन के कैमरे में रिकार्ड हो गयी। हार्ट अटैक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


















