उधमसिंहनगर में चिन्हीकरण प्रक्रिया न शुरू होने से आंदोलनकारियों में रोष, समिति ने उठाई चयन समिति गठन की मांग

काशीपुर / उत्तराखंड ( रिज़वान अहसन ),,,,17 अप्रैल 2026:* राज्य निर्माण सक्रिय आंदोलनकारी समिति, उधमसिंहनगर की बैठक शुक्रवार को जिला कैंप कार्यालय, महेशपुरा रोड, काशीपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री विनय कुमार विश्नोई व नगर अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने की। बैठक में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया शुरू न होने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
जिला महामंत्री विनय कुमार विश्नोई ने कहा, “पूरे उत्तराखंड में चिन्हीकरण का कार्य प्रगति पर है, लेकिन उधमसिंहनगर में अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। यहां तक कि चिन्हीकरण चयन समिति का गठन भी नहीं हुआ है। यह स्थिति वास्तविक आंदोलनकारियों के साथ अन्याय है।”
नगर अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि पूर्व में गठित चिन्हीकरण समिति में एक मृत आंदोलनकारी साथी को सदस्य बना दिया गया था, जिसका समिति ने विरोध किया था। समिति ने 14 मार्च 2026 को उपजिलाधिकारी को लिखित ज्ञापन देकर जीवित राज्य आंदोलनकारी श्री नरपत सिंह राजपूत जी को समिति में शामिल करने की मांग की थी।
विश्नोई ने कहा, “ज्ञापन को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कार्रवाई की कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। कार्यालय से सिर्फ इतना बताया जाता है कि ‘कार्यवाही चल रही है’। प्रशासन की यह उदासीनता खेदजनक है।”
बैठक में निर्णय लिया गया कि चिन्हीकरण से जुड़ी सभी समस्याओं को लेकर समिति का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी उधमसिंहनगर से मिलेगा। यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो समिति आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
बैठक में समिति के कई वरिष्ठ आंदोलनकारी मौजूद रहें


















