वादों पर उतर रहें हैँ खरे मेयर दीपक बाली, किया चार सड़कों का शिलान्यास

काशीपुर /उत्तराखंड (नसरीन खान निशा),,,, महापौर दीपक बाली द्वारा काशीपुर की दिशा और दशा सुधारने के लिए तीव्र गति से कराए जा रहे विकास कार्यों से नगर वासी खासे प्रभावित हैं। शहर में सड़कों का जाल बिछाए जाने से आमजन के बीच यह चर्चा आम हो गई है कि चुनाव के दौरान किए गए वादों पर महापौर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि में इच्छाशक्ति और जनसेवा का भाव हो, तो विकास स्वतः गति पकड़ लेता है—जिसका उदाहरण आज काशीपुर बन रहा है।

एनसीएपी (नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम) के अंतर्गत काशीपुर शहर हेतु तैयार वायु प्रदूषण सुधार योजना के तहत महापौर दीपक बाली ने बुधवार को 3 करोड़ 61 लाख 42 हजार रुपये की लागत से बनने वाली चार सड़कों पर दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स फिक्सिंग कार्य का शिलान्यास किया।

इनमें
मानपुर रोड टी-पॉइंट से रामनगर रोड तक दोनों ओर,
अनीता नर्सिंग होम से ब्लॉक कार्यालय की उत्तरी दीवार तक,
खड़कपुर देवीपुरा रोड पर साईं स्कूल से शुगर मिल मार्ग तक,
पुराने टूरिस्ट होटल से गुरुद्वारे के गेट तक
इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य शामिल है। इन चारों सड़कों की कुल लंबाई 5220 मीटर है।
शिलान्यास अवसर पर पहुंचे महापौर दीपक बाली का स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल चुनावी वादों को पूरा किया है, बल्कि कई मामलों में उनसे आगे बढ़कर कार्य किया है। नागरिकों ने यह भी कहा कि यदि ऐसा नेतृत्व पहले मिला होता, तो काशीपुर की तस्वीर आज कुछ और ही होती।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने नगर निगम क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि उनसे किया गया हर एक वादा पूरा किया जाएगा और विकास कार्यों की रफ्तार इसी प्रकार बनी रहेगी। उन्होंने काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए जनसहभागिता की अपील करते हुए कहा कि बिना जनता के सहयोग के कोई भी शहर आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने इंदौर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की सफाई जनता की सहभागिता का ही परिणाम है।
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा नेता जसवीर सिंह सैनी, चौधरी समरपाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह, मानवेंद्र मानस सहित अनेक पार्षद, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं शिलानाथ क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





