पुलिस पार्टी पर हमले के मामले में सपा नेता व मुख्य आरोपी नदीम अख्तर गिरफ्तार

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,काशीपुर के मोहल्ला अल्ली खा में बिना अनुमति निकाले गए जुलूस और पुलिस पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि घटना के मास्टरमाइंड नदीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ 7 अन्य उपद्रवियों को भी पकड़ा गया है, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह मामला 21 सितंबर की रात का है, जब करीब 400 लोगों ने बिना अनुमति जुलूस निकाला था। इस दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था बिगड़ गई। पुलिस के रोकने पर भीड़ ने हमला कर दिया और एक सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, नदीम अख्तर से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि और कौन लोग इस साजिश में शामिल थे।
वहीं, प्रशासन, नगर निगम और बिजली विभाग की टीमें इलाके में सक्रिय हैं, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को रोका जा सके और माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
एसएसपी ने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही, जनता से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।





