दिल दहला देने वाला हादसा, निर्माणाधीन छत गिरी – एक भाई की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

काशीपुर/ उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,बांसफोड़ान चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम खालिक कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दो सगे भाई दब गए।मलबे में दबे दोनों भाई खालिक कॉलोनी निवासी बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार जाकिर और शकील अपने घर के निर्माण कार्य के दौरान राजमिस्त्री के साथ हाथ बंटा रहे थे। इसी दौरान अचानक छत गिरी और दोनों उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जाकिर को मृत घोषित कर दिया, जबकि शकील का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक शकील की हालत अब खतरे से बाहर है।एक ही परिवार के दो जवान बेटों के साथ हुए इस हादसे और एक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






