घर में घुसकर बर्बर हमला, महिलाओं-बच्चों से मारपीट और छेड़खानी सिगरा के मालवीय बाग में दहशत, 14 आरोपियों पर केस दर्ज
वाराणसी।
सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनिया चौकी के मालवीयबाग इलाके में दबंग पड़ोसियों द्वारा घर में घुसकर महिलाओं, युवती और बच्चों के साथ मारपीट, गाली-गलौज, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने नामजद 13 आरोपियों सहित कुल 14 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार लवली सोनकर निवासी डी-57/49, 3बी मालवीयबाग, सिगरा ने बताया कि बीते 8 फरवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे बड़ी संख्या में पड़ोसी एकजुट होकर उनके घर पर चढ़ आए। आरोप है कि सभी ने अभद्र गालियां दीं, घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट की, बाल खींचकर सड़क पर घसीटा और खुलेआम छेड़खानी की। इस दौरान परिवार के आठ वर्षीय बच्चे को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह भयभीत हो गया और खाना-पीना तक छोड़ दिया।
पीड़िता के अनुसार जान बचाने के लिए पूरा परिवार पास की दुकान में छिपा, लेकिन हमलावर शांत नहीं हुए और दोबारा घुसकर हमला किया। आरोप है कि इससे पहले भी कई बार इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं और बचपन से ही पीड़ित परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़िता की उम्र 23 वर्ष और उसकी नाबालिग बहन की उम्र 16 वर्ष बताई गई है, जिन्हें आए दिन रास्ते में चार युवक अश्लील टिप्पणियों से परेशान करते थे।
पहले भी दी गई थी धमकी
पीड़ित परिवार ने बताया कि पूर्व में भी आरोपी शराब पीकर घर पर चढ़ आए थे और जान से मारने की धमकी दी थी, जिस पर 112 नंबर पर पुलिस सहायता ली गई थी। उस समय समझौता कराया गया था, लेकिन आरोपियों की दबंगई बढ़ती ही गई।
नामजद आरोपी और पुलिस कार्रवाई
पीड़िता की तहरीर पर रंजीत सोनकर, हिरू सोनकर, बिरबल सोनकर, रितेश सोनकर, तनीष, पियूष, अर्जुन, राकेश, आकाश (कल्लू) लाले, रीना देवी, चंदा देवी, मोनिका सोनकर समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, वीडियो फुटेज भी जांच में शामिल किए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में दहशत, न्याय की मांग
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
























