खुटहन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.40 क्विंटल गांजा बरामद, अंतरजनपदीय तस्कर गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार

जौनपुर। थाना खुटहन पुलिस टीम ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय गांजा तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 1 क्विंटल 40 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में की गई।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस टीम सराय मोहिद्दीनपुर रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खुटहन से विशुनपुर की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उस पर सवार दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त
1 पिन्टू निषाद, निवासी रामनगर, थाना खुटहन
2 प्रमोद नाविक, निवासी रामनगर, थाना खुटहन
प्रारंभिक तलाशी में एक प्लास्टिक बोरी से 8 पैकेट गांजा (8 किलोग्राम), 3 मोबाइल फोन, 3500 रुपये नकद तथा अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त पिन्टू निषाद ने बताया कि उसके घर के बाहर भूसे में और गांजा छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम उसके घर पहुंची, जहां से 4 बड़े बोरे और 1 खुले बोरे से 7 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 1 कुंतल 32 किलोग्राम पाया गया।
इस प्रकार कुल बरामदगी 1 क्विंटल 40 किलोग्राम गांजा रही।
कानूनी कार्रवाई
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना खुटहन में मु0अ0सं0 28/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
आपराधिक इतिहास
मुख्य अभियुक्त पिन्टू निषाद के खिलाफ पहले से ही भादवि एवं पोक्सो एक्ट सहित कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रेमशंकर सिंह, रामजन्म प्रसाद, कांस्टेबल अजय यादव, आनन्द कुमार, कुलदीप गोस्वामी, सोनू यादव, रणविजय यादव, संजय जायसवाल, सोनू निषाद, आकाश निषाद तथा महिला कांस्टेबल आशा गुप्ता शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
























