कोडीन कफ सिरप तस्करी पर वाराणसी पुलिस का बड़ा वार: कानपुर के ड्रग माफिया की 5.18 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

वाराणसी। नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारनाथ थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े कानपुर निवासी मुख्य अभियुक्त विनोद अग्रवाल और उसके परिजनों की करीब 5.18 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट (SAFEMA) की धारा 68(F) के तहत फ्रीज कर दिया।
एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि जांच में आरोपी का अवैध फर्मों एमके हेल्थ केयर और पीडी फार्मा के साथ 6 से 7 करोड़ रुपये का लेन-देन सामने आया है। आरोपी ने तस्करी के जरिए भारी संपत्ति अर्जित की थी।
राजस्व टीम की मौजूदगी में कानपुर स्थित इन संपत्तियों पर फ्रीज के बैनर लगाए गए हैं और आम जनता को इनके खरीद-फरोख्त पर रोक की सूचना दी गई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त कलेक्टरगंज थाने के एक अन्य मामले में भी मुख्य आरोपी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही।























