वाराणसी/उत्तरप्रदेश

काशी दर्शन बना आख़िरी सफर: केदार घाट पर गंगा स्नान के दौरान 18 वर्षीय पायलट ट्रेनी आयुष की डूबकर मौत

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले का निवासी था। हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी कर आयुष अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वाराणसी आया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष कुमार मूल रूप से धनबाद जिले के बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर का रहने वाला था। वह अपनी मां, नाना उपेंद्र सिन्हा और नानी के साथ काशी दर्शन के लिए वाराणसी आया हुआ था। परिवार के अनुसार, पायलट ट्रेनिंग पूरी करने के बाद आयुष ने मां से काशी आने की इच्छा जताई थी।

गुरुवार सुबह आयुष केदार घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गया। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह डूबने लगा। यह देख नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया, जिसके बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। मौके पर ही आयुष को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की सूचना पर भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हादसा माना जा रहा है।

परिवार के लिए यह यात्रा खुशियों की उम्मीद लेकर आई थी, लेकिन काशी दर्शन एक ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घाट पर मौजूद लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आए।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button