काशी में उमड़ा आस्था का सैलाब श्याम ध्वजा यात्रा में गूंजा “खाटू श्याम” का जयकारा

वाराणसी में उमड़ा श्याम भक्तों का सैलाब,फागुन महोत्सव में गूंजे जयकारे ||
श्री श्याम मंदिर लक्सा में भव्य जागरण व फूलों से सजी मनोहारी झांकी बनी आकर्षण का केंद्र ||
श्याम ध्वजा शोभायात्रा में बैंड-बाजों संग गूंजा “खाटू श्याम” का नाम ||
रथ पर सजी अलौकिक झांकी और जगह -जगह आरती-पुष्प वर्षा से भक्तिमय हुआ माहौल ||
कैंट स्टेशन से मरुधर एक्सप्रेस द्वारा श्रद्धालु रवाना हुए खाटू धाम जयपुर ||
वाराणसी :- फागुन महोत्सव के अवसर पर श्रीश्याम मंडल की ओर से लक्सा स्थित श्रीश्याम मंदिर में भव्य आयोजन किया गया | मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया जहां लीलाधर की मनोहारी झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया | रात्रि में भव्य जागरण का आयोजन हुआ जिसमें श्रद्धालु पूरी रात श्याम भक्ति में लीन रहे | भजन संध्या में “चालो रे खाटू धाम”, “कीर्तन की है रात बाबा थाने आनो पडसी” जैसे भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया | कीर्तन मंत्री चंदन तोदी,राजेश तुलस्यान,श्याम सुंदर गाड़ोदिया,संदीप शर्मा ‘कानू’,संजय शर्मा और सुशील गाड़ोदिया ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी |
संस्था के मंत्री पवन कुमार अग्रवाल ने निशान पूजन किया जबकि प्रभु की आरती संजय पुजारी ने उतारी |
श्री श्याम मंडल ट्रस्ट के मंत्री राजेश तुलस्यान,अध्यक्ष दीपक तोदी,मंत्री पवन कुमार अग्रवाल एवं प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने भक्तों को निशान प्रदान कर ध्वजा यात्रा का शुभारंभ किया | इसके बाद संदीप दुबे,संदीप शर्मा ‘कानू’ के संयोजन में भव्य श्याम ध्वजा शोभायात्रा निकाली गई |
यात्रा गिरजाघर,गोदौलिया,बांसफाटक,
चौक,बुलानाला,मैदागिन,कबीरचौरा,लहुराबीर और मलदहिया होते हुए शाम को कैंट स्टेशन पहुंची पूरे मार्ग में बैंड-बाजों पर श्याम नाम की धुन गूंजती रही | सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चे हाथों में श्याम निशान ध्वजा लेकर “हो जाओ तैयार खाटू जाने के लिए” और “शीश के दानी श्याम” जैसे भजनों पर झूमते नजर आए | सजाए गए रथ पर श्याम प्रभु की फूलों से सजी अलौकिक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रथ से जागृत गाड़ोदिया एवं प्रशांत गाड़ोदिया द्वारा प्रसाद वितरण किया गया | मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने आरती उतारकर पुष्प वर्षा की और शरबत पिलाकर स्वागत किया | मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष अनुप सराफ,महेश चौधरी,राम बुबना एवं प्रमोद सराफ ने भी प्रभु की आरती उतारी | सायंकाल पांच बजे श्रद्धालु कैंट स्टेशन से मरुधर एक्सप्रेस द्वारा जयपुर के लिए रवाना हुए | पूरे आयोजन ने काशी नगरी को श्याम भक्ति के रंग में रंग दिया ||
























