कमर में पिस्टल और गाड़ी पर ‘उत्तर प्रदेश शासन’, बसंतपुर गांव में रंगबाजी से ग्रामीण परेशान

लखनऊ जनपद के थाना माल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बसंतपुर में कुछ युवक कमर में पिस्टल लगाकर और गाड़ी पर “उत्तर प्रदेश शासन” लिखकर गांव में घूमते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ये लोग गांव में दबंगई दिखाते हुए लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि न तो इनके परिवार में कोई सरकारी पद पर है और न ही इनके पास पिस्टल का वैध लाइसेंस होने की पुष्टि है। इसके बावजूद ये युवक खुद को प्रभावशाली बताकर गांव में रौब झाड़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, इनके पास जो पिस्टल है वह अवैध भी हो सकती है। वहीं निजी वाहन पर “उत्तर प्रदेश शासन” लिखकर घूमना भी नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और यदि पिस्टल अवैध पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे।




























