ऑन लाइन तांत्रिक ने महिला को कष्ट निवारण की आड़ में लगायी लाखों ₹ की चपत

खटीमा / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में महिला के वैवाहिक जीवन की समस्याओं को दूर करने के नाम पर एक कथित ऑनलाइन ज्योतिषी ने पूजा-पाठ का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए। पीड़िता के परिजन ने खटीमा कोतवाली में ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार खटीमा निवासी कुमाऊं कॉलोनी के सुरेश चंद्र ने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी के वैवाहिक जीवन में समस्याएं चल रही थीं। इन्हीं समस्याओं का समाधान कराने के लिए उन्होंने इंटरनेट पर सक्रिय एक कथित ज्योतिषी राज शास्त्री से संपर्क किया। ज्योतिषी ने पूजा-पाठ और विशेष उपायों का सुझाव देकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
****पूजा-पाठ के नाम पर मांगे रुपये
शिकायतकर्ता ने बताया कि ज्योतिषी ने उनसे कई बार पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान के नाम पर रुपये मांगे। उसने भरोसा दिलाया कि कार्य पूर्ण होने पर पूरे पैसे वापस कर दिये जाएंगे। इसी भरोसे में सुरेश चंद्र ने ज्योतिषी के बताए गए बैंक खातों में अलग-अलग किश्तों में कुल ₹1,23,500 रुपये जमा कर दिए।
****ठगी का एहसास होने पर दी पुलिस को सूचना
पीड़ित परिवार का कहना है कि रुपये देने के बाद भी न तो उनकी बेटी की समस्या का समाधान हुआ और न ही ज्योतिषी ने पैसे लौटाए। उल्टा ज्योतिषी लगातार और पैसे मांगने लगा। इस पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
खटीमा कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपित ज्योतिषी के बैंक खातों और संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटा रही है। साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है।





