बिजनौर: गौकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस की गाडी पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। जिससे गाडी के शीशे चकनाचूर हो गये। गनीमत रही कि कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ। सूचना पर एएसपी ईस्ट व सीओ बडी संख्या में पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर फरार हो गये थे।
मामला जनपद बिजनौर के नहटौर थानाक्षेत्र का है। मंगलवार की शाम करीब 06:00 बजे नहटौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के गाँव इब्राहीमपुर साधो उर्फ अलीनगर निवासी खुर्शीद पुत्र मौ.शफी के घर पर गौकशी हो रही है। सूचना पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक जे.के.सिंह मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे तथा घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को घर में गाय के बछडे के 2 छोटे-छोटे पैर व लगभग 5 किलो ग्राम गौवंशीय मांस बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने 1 अभियुक्त को हिरासत में ले लिया।
जब पुलिस वहाँ से प्रस्थान करने लगी तो चलती गाडी पर खुर्शीद के परिवार व पडोसियों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिये। जिससे थाना प्रभारी की गाडी के पिछले हिस्से में पत्थर लगने से उसके शीशे टूट गये। गनीमत रही की कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अनित कुमार व क्षेत्राधिकारी धामपुर अजय अग्रवाल तथा कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई जिससे गाँव छावनी में तबदील हो गया। लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के संबन्ध में एसपी डॉ.धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
महकार सिंह तोमर की रिपोर्ट


















