NEDS के द्वारा मधुमेह उपचार और जागरूकता पर तीन दिवसीय समारोह..

गुवाहाटी:- उत्तर पूर्वी मधुमेह सोसायटी (एनईडीएस) एक उत्तर पूर्व भारत स्थित संगठन है जो मधुमेह के उपचार, जागरूकता और शिक्षा से संबंधित है। यह संगठन अपने उद्देश्यों के साथ ३० वर्षों से जुड़ा हुआ है। इस संगठन के उत्तर पूर्व क्षेत्र के सभी राज्य सदस्य हैं। इस सूत्र में असम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम एनईडीएस के सदस्य हैं।
एनईडीएस आगामी १४ से १६ नवंबर तक गुवाहाटी के गीतानगर स्थित होटल रेडिसन ब्लू में अपने ३० वर्षों के सफर के उपलक्ष्य में एक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। मधुमेह एक गैर-संचारी रोग है जिसमें रक्त में शर्करा का स्तर बढ़ जाता है। लंबे समय तक रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित नहीं करने से शरीर के अंगों को नुकसान हो सकता है।
मधुमेह रोगी यदि उचित उपचार नहीं कराते हैं तो आगे चलकर आंखें, हृदय, गुर्दे, तंत्रिका तंत्र आदि रोगों से पीड़ित हो सकते हैं। एनईडीएस द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में मधुमेह रोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। देश-विदेश के प्रमुख विशेषज्ञ और शोधकर्ता मधुमेह के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
इस सम्मेलन में लगभग ४०० से अधिक चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी भाग लेने की उम्मीद है। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में मधुमेह के चिकित्सकों और इस चिकित्सा से जुड़े विभिन्न लोगों को मधुमेह चिकित्सा के नवीनतम अपडेट्स के साथ परिचित कराने की उम्मीद है। एनईडीएस ने इस सम्मेलन की सफलता के लिए सभी प्रकार के प्रयास जारी रखे हैं।





