करनाल – महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी मधु पाठक ने बताया कि हरियाणा सरकार नई केन्द्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रदेश के आंगनवाड़ी केन्द्रों में प्ले स्कूल शुरू करने जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को करनाल ग्रामीण ब्लॉक के गांव संगोही के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
प्रशिक्षण आंगनवाड़ी सुपरवाईजर रजनी, अनीता और रूबी द्वारा दिया जा रहा है। सभी को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रथम तीन वर्ष आंगनवाड़ी वर्कर द्वारा बच्चों का सर्वांगीण विकास किया जाना है। सर्वांगीण विकास में भाषा विकास, शारीरिक, सामाजिक और भावनात्मक, बौद्धिक, रचनात्मक विकास शामिल है। शिविर में आदर्श आंगनवाड़ी व उसके महत्व पर चर्चा की गई। अब आंगनवाड़ी वर्कर की पहचान एक बुनियादी शिक्षक के रूप में होगी।


















