
AIRA NEWS NETWORK – जैसलमेर में बुधवार रात को भू गांव में विंड एनर्जी की कंपनी सुजलोन के वेयर हाउस में भीषण आग लग गई। रात को करीब 11 बजे लगी भीषण आग ने तांडव मचा दिया। कई मीटर एरिया में लगी आग को बुझाने में 3 फायर ब्रिगेड ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत की। आग की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने के काम में मदद की। सदर थाना पुलिस ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी तथा आग से वेयर हाउस के पास खुले में रखा स्क्रैप जलकर राख हो गया। हालांकि कंपनी के प्रतिनिधियों ने नुकसान का आकलन अभी तक नहीं किया है, लेकिन बताया जा रहा है कि कंपनी को इस आग से लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग:
सदर थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस को रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि जैसलमेर से 20 किलोमीटर दूर भू गांव के पास बने विंड कंपनी के वेयर हाउस में आग लगी है। हमने फायर ब्रिगेड को आग की सूचना दी तथा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग वेयर हाउस के पास रखे स्क्रेप में लगी थी। आग बहुत भीषण थी तथा 3 फायर ब्रिगेड को उस आग को बुझाने में करीब 3 घंटे का समय लगा। इस दौरान वेयर हाउस में रखा स्क्रैप जलकर राख हुआ। हालांकि नुकसान का आकलन अभी तक नहीं हुआ है।


















