बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति ने बुन्देलखण्ड हमीरपुर की बेटी दीपा को न्याय दिलाने को लेकर सदर विधायक को ज्ञापन
फतेहपुर- बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति ने आज सदर विधायक विक्रम सिंह को हमीरपुर की तहसील-राठ के खराखर गाँव की रहने वाली दीपा के आत्महत्या को लेकर अतिशीघ्र न्याय मिले को लेकर ज्ञापन दिया। आपको अवगत करा दें कि दीपा ने बीते दिनों इसलिए आत्महत्या कर ली, क्योंकि कुछ दिनों पहले गाँव के कुछ दबंगों ने दीपा को डीजे में बलात् नचाने की पुरज़ोर कोशिश की। विरोध या मना करने पर उसको तमाचे जड़े। दीपा के बाल खींचे। बाद में दीपा की मॉं ने विरोध किया तो उनको गाली-गलौच किया। मारने की धमकी दी। दीपा ने पुलिस को इसकी तहरीर दी। न्याय के लिए महीने भर इंतज़ार किया। इस बीच अपराधी दीपा का रास्ता रोककर उसे रोज़ाना ताने मारते थे।
स्वाभिमानी दीपा बेहद हताश रहने लगी और पुन: पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और यह थाने में कहकर आयी कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी। बावजूद इसके निष्ठुर असंवेदनशीलता पुलिस सोती रही और अंतत: दोषियों द्वारा हर रोज़ दिये जाने वाले तानों से हार मानकर स्वाभिमानी दीपा ने फाँसी लगाकर अपनी जान दे दी।
यह दीपा की पारिस्थितिकीय हत्या है, जिसके सीधे ज़िम्मेदार दोषियों सहित पुलिस भी है। इसलिए दीपा को न्याय मिलना बेहद ज़रूरी है, ताकि अपराधी समाज की दूसरी बेटियों को दीपा बनने पर मज़बूर न कर सकें। बता दें दीपा अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय, कुम्हरिया-राठ की स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा थी। ज्ञापन लेकर सदर विधायक विक्रम सिंह तुरंत कार्यवाही करने के लिए अपनी संतुति दी और आश्वासन दिया कि दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
ज्ञापन देने में बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, केंद्रीय प्रवक्ता देवब्रत त्रिपाठी, युवा नेता अंशू सिंह परमार, भाजपा जिला मंत्री नीरज बाजपेई, पूर्व विस्तारक यज्ञेश गुप्ता, सौरभ सिंह, अतुल पाण्डेय, जागेश्वर मिश्र आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















