AIRA NEWS NETWORK – जिला कारागार अलीगढ़ में निरुद्ध महिला बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए “आर्ट ऑफ लिविंग “की अलीगढ़ इकाई की सुश्री प्रीति बत्रा एवं उनकी सहयोगी सुश्री अंजु अग्रवाल द्वारा छः दिवसीय प्राणायाम तथा सुदर्शन क्रिया कार्यक्रम की विशद् शुरुआत की गई, जिसमें महिला बंदियों द्वारा पूर्ण मनोयोग से भाग लिया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी वरिष्ठ अधीक्षक/जेलर श्री पी.के. सिंह द्वारा उक्त संस्था की महिला पदाधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर की गई । इस अवसर पर प्रभारी वरिष्ठ अधीक्षक / जेलर श्री सिंह द्वारा विशेष योग शिविर में भाग लेने वाली सभी महिला बंदियों को सम्बोधित करते हुए उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में प्राणायाम एवं सुदर्शन क्रिया से होने वाले लाभ के सम्बन्ध में बताते हुए इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक महिला बंदियों को प्रतिभाग करने की प्रेरणा दी गई।
जिला कारागार अलीगढ़ में निरुद्ध महिला बंदियों के हितार्थ इस विशेष योग शिविर के आयोजन हेतु श्री सिंह के द्वारा आर्ट ऑफ लिविंग की अलीगढ़ शाखा के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उक्त संस्था से जिला कारागार अलीगढ़ से जुड़े रहने का अनुरोध किया गया, जिसके लिए उक्त संस्था के पदाधिकारियों द्वारा इस साप्ताहिक शिविर के समापन के बाद भी प्रत्येक रविवार को जिला कारागार अलीगढ़ की महिला बैरक में आकर प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया आदि यौगिक क्रियाओं को सिखाने के लिए आश्वस्त किया गया।
राजेश सिंघल की रिपोर्ट


















