बिजनौर – घर में अकेली सो रही बुज़ुर्ग महिला की अज्ञात हमलावरों ने सिर पर वार व गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौका-ए-वारदात पर पहुँच कर जाँच पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ज़मीनी बटवारे को लेकर शक ज़ाहिर कर रही है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामला जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के फ़ैज़ल्लापुर का है। जहाँ 85 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला अनीसा अपनी पुत्री के घर पर रहती थी। बीती रात वह अकेली सो रही थी। इसी बीच अज्ञात हमलावरों ने सोती हुई बुज़ुर्ग महिला के सिर पर वार किया तथा उसके ही दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बारीकी से पूरे मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड में ज़मीनी विवाद से जुडा मान कर चल रही है। इसी के दृष्टिगत पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। इस संबंध में एएसपी पूर्वी राम अर्ज ने बताया कि प्रथम दृष्टिया मामला जमीनी विवाद का लग रहा है। जल्दी ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।


















