संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बिजनौर – राजा का ताजपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर में पडा मिला। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों में ससुराल वालों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजिकृत कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
मामला जनपद बिजनौर के थाना क्षेत्र नूरपुर के गांव राजा का ताजपुर का है। ताजपुर निवासी सोनू की शादी 5 माह पूर्व जनपद मुरादाबाद के नगर कांठ के मौहल्ला घोसीपुरा निवासी कुसुम के साथ हुई थी। बुद्धवार का रात्रि कुसुम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरूवार को उसका शव उसके ही कमरे में पडा मिला। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों का आरोप है कि ससुरालियों द्वारा कुसुम के साथ दहेज को लेकर मारपीट की जाती थी। उन्होंने ही उसकी हत्या की है।
स्थानीय पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में एएसपी सिटी प्रवीन रंजन ने बताया कि थाना नूरपुर क्षेत्र के अंतर्गत ताजपुर में एक विवाहिता का शव उसके कमरे में पड़ा हुआ मिला है। मृतका कुसुम के मायके वालों का आरोप है कि कुसुम की हत्या उसके ससुराल वालों ने की है। तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और अन्य विधि कार्रवाई कराई जा रही है।


















