नहटौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर चर्चा
बिजनौर – नहटौर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष व नामित सभासद सिद्धांत जैन ने पार्टी हाईकमान के दिशा निर्देशों के पर पालिका ईओ सुभाष कुमार व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर चर्चा की।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.गुरूचरण ने उन्हें बताया कि प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिये पर्याप्त सफाईकर्मी नहीं है। उन्होंने मंडल अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के समक्ष पालिका सफाई-कर्मियों से प्रतिदिन परिसर की सफाई कराने, परिसर में कूड़ेदान लगवाने आदि विभिन्न मुद्दों को रखा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष ने व्यवस्थाओं को लेकर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
उधर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने विभिन्न समस्याओं से मंडल अध्यक्ष को अवगत कराते हुए शासन स्तर से इनके समाधान कराने का आग्रह किया। वहीं अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल के बाहर सड़क किनारे से पालिका कर्मचारियों द्वारा कूड़ा न उठाने पर नाराजगी जताई और 24 घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए। इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकुश अग्रवाल, पालिका लिपिक मसूद अहमद, विशेष उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : महकार सिंह तोमर


















