पूर्व दर्जा राज्य मंत्री स्व. मुकेश मेहरोत्रा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा,खिचड़ी-छबील का वितरण

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,उत्तराखंड सरकार में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं काशीपुर नगर पालिका परिषद के भूतपूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा की छठी पुण्यतिथि बुधवार को बाजपुर रोड स्थित उनके प्रतिष्ठान हीरो एंटरप्राइजेज में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। *राजनीतिक-सामाजिक हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि* कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदानों को याद किया। *जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खिचड़ी-छबील का आयोजन* श्रद्धांजलि सभा के पश्चात जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए खिचड़ी वितरण एवं छबील (शीतल जल सेवा) का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी में राहगीरों और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में छबील और खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया। *”पिता का जीवन जनकल्याण को समर्पित था”: अर्पित मेहरोत्रा* इस अवसर पर स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के सुपुत्र अर्पित मेहरोत्रा ने भावुक होते हुए कहा कि “मेरे पिता का संपूर्ण जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा। वे हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे तथा समाज के हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते थे।” उन्होंने बताया कि पिता की स्मृति को जीवंत रखने और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक फाउंडेशन की स्थापना की गई है। यह फाउंडेशन निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए समर्पित रहेगा। अर्पित ने कहा, “पिताजी का आशीर्वाद सदैव परिवार एवं समाज पर बना रहे और उनके दिखाए सेवा के मार्ग पर चलने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।” *”काशीपुर की आन, बान और शान थे मुकेश मेहरोत्रा”: दीपिका गुड़िया आत्रेय* श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए समाज सेविका श्रीमती दीपिका गुड़िया आत्रेय ने कहा कि “स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा काशीपुर की आन, बान और शान थे। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सभी उनकी स्मृतियों और विचारों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि मुकेश मेहरोत्रा ने हमेशा आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और जनसेवा का संदेश दिया। “समाज के प्रति उनका समर्पण अतुलनीय था। उनका व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य एवं मिलनसार था। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में हमेशा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। उनकी अनेक मधुर स्मृतियां आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और उनका योगदान काशीपुर के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।” *आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प* कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


















