“सुरक्षित सड़क, संरक्षित जीवन — यातायात नियमों का पालन ही जनसुरक्षा का सशक्त आधार ”

SSP इटावा द्वारा नवीन सभागार में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ीकरण हेतु समीक्षा बैठक आयोजित कर दिये गये आवश्यक दिशा-निर्देश।
जनपद इटावा में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाए जाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा कचेहरी स्थित नवीन सभागार में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं दुर्घटना नियंत्रण के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, आमजनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराने, विद्यालयों/महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान संचालित करने तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाये जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गयी।
महोदय द्वारा उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा से संबंधित शासन की मंशानुरूप संयुक्त रूप से कार्य करते हुए जनपद में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ओवरलोडिंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, बिना हेलमेट/सीट बेल्ट वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश प्रदान किये गये।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


















