गंगा के आसमान में गूंजेगा दम! वाराणसी में AIR SHOW की जोरदार तैयारी, नमो घाट पर मंडराया सेना का हेलीकॉप्टर

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां अब तेज़ रफ्तार पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सेना का हेलीकॉप्टर नमो घाट फेज-2 स्थित बेन हेलीपैड पर पहुंचा और सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हेलीकॉप्टर ने हेलीपैड पर लैंडिंग नहीं की, बल्कि कुछ देर हवा में मंडराकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और फिर वापस लौट गया। इस दौरान गंगा के ऊपर उड़ान भरते हुए हेलीकॉप्टर ने अस्सी घाट तक हवाई सर्वे भी किया।
एयर शो की संभावनाओं को देखते हुए नमो घाट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर आदमपुर थाने की पुलिस और फायर सर्विस की टीम मुस्तैद रही। जैसे ही हेलीकॉप्टर घाट के ऊपर पहुंचा, वहां मौजूद लोगों में उत्साह बढ़ गया और भीड़ उस ओर उमड़ पड़ी।
गौरतलब है कि 6 अप्रैल को एयर फोर्स के अधिकारियों ने नमो घाट का स्थलीय निरीक्षण किया था और अब हवाई परीक्षण के जरिए व्यवस्थाओं को परखा जा रहा है। फिलहाल एयर शो की तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन तैयारियों से साफ है कि वाराणसी जल्द ही आसमान में रोमांचक नजारा देखने वाला है।


















