जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए युवा आत्मविश्वास, समर्पण के साथ करें मेहनत- जिलाधिकारी।

जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए युवा आत्मविश्वास, समर्पण के साथ करें मेहनत- जिलाधिकारी।
आईरा न्यूज़ नेटवर्क स्टेट ब्यूरो सुबोध कुमार
तमाम नामचीन व्यक्तियों ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया, युवा उनसे प्रेरणा लेकर जीवन मंे आगे बढ़ें- अंजनी कुमार।
मैनपुरी स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी ने छात्रों को टेबलेट, स्मार्ट फोन, किट, प्रमाण पत्र वितरित किये, कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का कहना था, उठो जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करो और जब तक न रुको, तब तक लक्ष्य प्राप्त न हो, ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर संचालित योजना के माध्यम से छात्रों को टैबलेट, मोबाइल प्रदान किये जा रहे है। उन्होने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए कठोर मेहनत करें, लक्ष्य की प्राप्ति अवश्य होगी, सफलता प्राप्त करने के लिए पूरे मनोयोग से प्रयास करें, समय का सदुपयोग कर जीवन में आगे बढ़ें। उन्होने कहा कि शासन की संचालित योजनाओं का लाभ लेकर अपना स्वतः रोजगार स्थापित कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य करें, उद्यमिता से जुड़ जीवन में नए आयाम स्थापित करें, देश के नामचीन उद्यमियों ने जीवन के प्रारंभ में शून्य से अपने उद्योगों की स्थापना की और जीवन में शिखर पर पहुंचे, अपोलो टायर्स के मालिक ने टायर मरम्मत से अपना रोजगार प्रारंभ किया, महिंद्रा कंपनी के मालिक ने भी अपने जीवन में पुरानी जीप मरम्मत के कार्य से शुरुआत की, आज महिंद्रा देश की ब्रांड कंपनियों में से एक है और लाखों युवाओं को रोजगार प्रदान कर चुकी है, देश में ऐसे तमाम और भी उदाहरण है जिन्होंने अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा, ईमानदारी के साथ परिश्रम कर शिखर को छुआ है इसलिए युवा अपने उद्योगों की स्थापना करने में संकोच न करें।
श्री सिंह ने कहा कि पहले आई.टी.आई. का स्वरूप और आज के आई.टी.आई. के स्वरूप में काफी बदलाव हुआ है, आज विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं को बेहतर तकनीकी से जोड़ने के उद्देश्य से टैबलेट, स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज मेक इन इंडिया के तहत युवाओं को स्किल्ड बनाने का कार्य हो रहा है, जब युवाओं में कौशल होगा, तो वह दूसरे का मुंह नहीं देखेगा, अपना व्यवसाय प्रारंभ कर अन्य युवाओं को रोजगार प्रदान करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि इस देश में अपनी योग्यता के बल पर तरक्कियों की बुलंदियों को छुआ है। उन्होंने उपस्थित छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि आपने जो ज्ञान अर्जित किया है, उसमें दिन-प्रतिदिन बढ़ोतरी करें, जीवन में चाहे कितना भी सफल व्यक्ति क्यों न हो, उसने शुरुआत के दिनों में तमाम कठिनाइयों का सामना किया, कोई भी उद्योग प्रारंभ करते समय मन में शंका न पालें, शुरुआती दिनों में कुछ दिक्कतें आएंगी, उनसे घबराए बिना निरंतर मेहनत कर आगे बढ़े।
जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं प्रदेश की जन कल्याणकारी सरकार के मुखिया के नेतृत्व में देश-प्रदेश दिन-प्रतिदिन विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, शिक्षित युवाओं को सशक्त, स्वावलम्बी बनाने के लिए उन्हें विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित कर दक्ष बनाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य देने का कार्य हो रहा है, शिक्षित युवाओं को मोबाइल, टैबलेट देकर उन्हें तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का कार्य संचालित है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों में नकल माफियाओं का बोल-बाला था, होनहार छात्रों का भविष्य अधंकार में था, नकल के दम पर बिना मेहनत किये कुछ छात्राे अच्छे नम्बर आते थे लेकिन आज प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में माहौल बदला है, प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाएं नकल विहीन संचालित हैं, आज होनहार छात्राे को उनकी योग्यता के आधार पर सम्मान मिल रहा है।


















