मन कर्म और वचन से करें स्वच्छता का पालन : सुभाष चंद्र

एस आर योगी
करनाल
मन कर्म और वचन से करें स्वच्छता का पालन : सुभाष चंद्र



स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कुंजपुरा के राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाया स्वच्छता का पाठ, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश , स्कूली बच्चों ने निकाली स्वच्छता रैली
कुंजपुरा/करनाल, 30 सितंबर। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कहा कि स्वच्छता केवल भाषण का विषय नहीं है बल्कि इसे हमें मन, कर्म और वचन से जीवन में उतारना है तभी स्वच्छ भारत का सपना साकार होगा। स्वच्छता से ही हमारे जीवन का सर्वांगीण विकास संभव है। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत शनिवार को कुंजपुरा के राजकीय पीएम श्री स्कूल मे विद्यार्थियों और स्टाफ को संबोधित करते हुए।
उन्होंने कहा की हम अपनी व्यक्तिगत स्वच्छता तो रखते हैं लेकिन सामुदायिक स्वच्छता में हम बहुत पीछे है इसलिए हमें सामुदायिक स्वच्छता भी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 2014 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन अभियान शुरू किया था और आज पूरी दुनिया में भारत की स्वच्छता में पहचान बनी हुई है। उन्होंने कहा की स्वछता का हमारे जीवन में कितना महत्व है इसका पता इसी बात से चलता है कि गंदगी के ढेर के पास हम नहीं बैठ सकते। हम अपनी निजी स्वच्छता के लिए तो बहुत प्रयास करते हैं लेकिन समुदाय में हम बहुत पिछड़े हुए हैं इसके लिए हमें अपने आसपास सफाई को प्राथमिकता देनी होगी।
सुभाष चंद्र ने कहा कि स्कूल में स्वच्छता के लिए एक कमेटी का गठन किया जाए तथा वह कमेटी 15 दिन में एक बार स्वच्छता स्थिति का मूल्यांकन करे। कार्यक्रम में प्राचार्य सतवीर सिंह प्राचार्य ने मुख्य अतिथि सुभाष चन्द्र से कुंजपुरा के राजकीय स्कूल को गोद लेने अनुरोध किया। इस पर उन्होंने कहा कि मैं स्कूल को गोद लेने के लिए तैयार हूं लेकिन शर्त यह है कि आपको आप सभी बच्चों और स्कूल स्टाफ को स्वयं सुभाष बनकर स्वच्छता की अलख जगानी होगी। किसी भी कार्य की शुरुआत छोटे स्तर से ही शुरू होती है तथा उसका परिणाम भी उत्तम होता है। कल का भविष्य बच्चों के ऊपर है। इतिहास वही बदलते हैं जो मेहनत करते हैं। लक्ष्य हमारा एक ही होना चाहिए तभी हम इसे हासिल करते हैं। विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल राकेश राणा ने अपने सेवानिवृत्ति के अंतिम दिवस के अवसर पर संपूर्ण स्वच्छता के बारे में अपने विचारों में कहा कि तन की स्वच्छता के साथ-साथ मन भी स्वच्छ होना चाहिए। जब हमारा मन स्वच्छ होगा तो हमारे घर में स्वच्छ धन आएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमें बच्चों को संस्कार रूप में बाल्यावस्था में देनी होगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र द्वारा स्कूल स्टाफ व आये हुए अतिथियों को समृद्धि चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक समिति अध्यक्ष रूप चंद गहलोत, पूर्व सरपंच सुभाष भाटिया, स्टेट टास्क फोर्स के सदस्य पवन शर्मा, ऋषि पाल शास्त्री, नरेश चाँद कश्यप , जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजकुमार संधू, पूर्ण चंद सैनी ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, बाबूराम लेखा सहायक, बलिंदर सिंह, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रिंसिपल सरोज रानी, दिलीप सिंह, सीमा देवी, अनीता, परविंदर सिंह, सुधीर आर्य सुमिता मेहला सहित स्कूल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
बॉक्स : स्कूल में किया श्रमदान, स्कूली बच्चों ने निकाली स्वच्छता रैली
आज कुंजपुरा के राजकीय पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रिंसिपल सतवीर सिंह की अध्यक्षता में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत श्रमदान व रैली निकाली गई जिसमें स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र बतौर मुख्य मुख्य अतिथि शामिल हुए। खास बात यह रही की सुभाष चन्द्र ने रैली को स्वयं हरी झंडी दिखाने के स्थान पर स्कूल की ही एक मेधावी छात्रा के हाथों से झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यही बच्चे आने वाले समय के स्वच्छता प्रहरी बनेंगे।
यह रैली कुंजपुरा के प्रमुख बाजारों से होती हुई वापस विद्यालय में पहुंची जहां मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र ने श्रमदान कर सभी को स्वच्छता का संदेश दिया।


















