मुंबई में फुटपाथ पर रह रही एक बुजुर्ग महिला का वीडियो वायरल हेमा देवी को लाने के लिए पुलिस रवाना

उत्तराखंड जनपद अल्मोड़ा आईरा न्यूज़ नेटवर्क राजेश सिंघल
वर्तमान दौर में सोशल मीडिया कितना प्रभावी है, इसका पता इस बात से लगाया जा सकता है कि मुंबई में फुटपाथ पर रह रही एक बुजुर्ग महिला का वीडियो बीते दिनों सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और जिस मकसद से इसे शेयर किया जा रहा था, वह कुछ हद तक अब पूरा होने जा रहा है। दरअसल वीडियो में नजर आने वाली बुजुर्ग महिला उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले की रहने वाली निकलीं। छानबीन में पता चला कि वह भिकियासैंण निवासी हैं और जाने किन परिस्थितियों में वह मुंबई पहुंच गईं. वह करीब चार महीने से लापता थीं
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग को निर्देश देते हुए वीडियो के बारे में जानकारी जुटाने के लिए कहा. जिसके बाद अल्मोड़ा के एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने वायरल वीडियो के बारे में जब जानकारी जुटाना शुरू किया तो पता चला कि महिला का नाम हेमा देवी है, जो ग्राम कोटियाग तहसील भिकियासैंण अल्मोड़ा की रहने वाली हैं। एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि 9 जनवरी को सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ था. जिसके बाद अल्मोड़ा पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए टीम गठित की और टीम को मुंबई के लिए रवाना किया. महिला की खोजबीन कर जल्द ही उन्हें अल्मोड़ा लाया जाएगा। बता दें कि हेमा देवी मुंबई के फुटपाथ पर घूम रही थीं. वायरल वीडियो में वह अपना नाम हेमा बता रही हैं और अपने भाई का नाम खीम सिंह. इसके अलावा उन्होंने बताया कि वह अल्मोड़ा में रहती हैं. हेमा आगे बताती हैं उनके चार बच्चे हैं, जिसमें से बड़े लड़के की गाड़ी चलाते समय दुर्घटना में मौत हो गई थी. हेमा ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं, जो अल्मोड़ा में रहते हैं. उनके दो लड़के और एक लड़की है.


















