बिजनौर के धामपुर में सड़क हादसा:डीसीएम की जोरदार टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
AIRA NEWS NETWORK – जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। जब एक लोडेड डीसीएम वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक घायल हो गए। घटना होते ही डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साए परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। गुस्साई भीड़ ने डीसीएम वाहन में तोड़फोड़ कर डाली।
मामला स्योहारा थाना क्षेत्र के ठाकुरद्वारा रोड का है। जहां पर वाल्मीकि बस्ती के दो युवक 21 वर्षीय अमन पुत्र हरीश और 22 वर्षीय अनुज पुत्र अनिल बाइक पर सवार होकर होटल से खाना लेने के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि उसी समय सामने से आ रहे तेज गति के डीसीएम वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। घटना होते ही वाहन चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
इस दौरान सूचना मिलने पर घायलों के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और वाहन में तोड़फोड़ करते हुए उस के शीशे तोड़ डाले। पुलिस ने गुस्साई भीड़ को नियंत्रित करते हुए वाहन और उसके परिचालक को हिरासत में ले लिया। थाना अध्यक्ष आशीष कुमार तोमर ने बताया कि डीसीएम वाहन डिलारी जिला मुरादाबाद से लोहा भरकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। हादसे के दौरान घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


















