
मैनपुरी में प्रभारी मंत्री ने गिनाईं बजट की खूबियां, बेरोजगारी दर 17% से घटकर 2.9% हुई।
आईरा न्यूज़ नेटवर्क जिला ब्यूरो सुबोधकुमार
मैनपुरी 26 फरवरी प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के राजस्व मंत्री द्वारा प्रदेश का सबसे बड़ा 09 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख का बजट प्रस्तुत किया है, जो विगत बजट से तीन गुना अधिक है, इस बजट में पुरानी परियोजनाओं के साथ नई परियोजनाओं को शामिल किया गया है, प्रदेश में 43 हजार 565 करोड़ 33 लाख की नयी परियोजनाएं शामिल की गयी हैं, यह बजट उत्तर प्रदेश की दृष्टि से ही नहीं बल्कि देश के अन्य सभी राज्यों की दृष्टि से सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विगत 09 वर्षों में प्रदेश की जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया है, विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश विकास विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर हुआ है, प्रदेश के शिक्षित युवाओं को भी निजी, सरकारी सेक्टर में बड़े पैमाने पर रोजगार, सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं, वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में बेरोजगारी की दर 17 प्रतिशत से अधिक थी लेकिन आज यह घटकर सिर्फ 02.9 प्रतिशत रह गयी है। उन्होने कहा कि आज उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, स्वच्छ भारत मिशन योजना, एम.एस.एम.ई. सेक्टर के साथ कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण में देश में नंबर एक पर है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना में प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं, छात्रवृत्ति की धनराशि में वृद्धि के साथ ही पात्र विद्यार्थियों के अभिभावकों की आय सीमा रू. 02 लाख से बढ़ाकर रू. 02.5 लाख कर दी गई है, जो भुगतान पूर्व में वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन किया जाता था वह अब समय से पहले ही किया जा रहा है। उन्होने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन योजनाओं में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है, वर्ष 2017 तक पेंशन योजना के लाभार्थियों को रू. 300 प्रतिमाह का भुगतान होता था लेकिन पेंशन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर रू. 1000 किया गया, वर्तमान बजट सत्र में इसे रू. 1500 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की गई है, जो वर्ष 2017 की तुलना में लगभग 05 गुना वृद्धि है।
इस दौरान पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत के अलावा जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु आदि उपस्थित रहे।
























