25 सितंबर को भव्य तरीके से होगा साइक्लोथॉन का समापन,करनाल में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे युवा- डीसी अनीश यादव

एस आर योगी
25 सितंबर को भव्य तरीके से होगा साइक्लोथॉन का समापन, करनाल में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे युवा- डीसी अनीश यादव
घरौंडा विधायक हरविंदर कल्याण, मेयर रेणुबाला गुप्ता, जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, डीसी अनीश यादव, एसपी शशांक कुमार सावन ने कार्यक्रम स्थल का किया दौरा
करनाल के सेक्टर-4 में स्थित दशहरा ग्राउंड में होगा साइक्लोथॉन का समापन
करनाल, 19 सितम्बर। डीसी अनीश यादव ने कहा कि 25 सितंबर को करनाल में साइक्लोथॉन रैली का भव्य तरीके से समापन होगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस दिन बड़ी संख्या में युवा पहुचेंगे और नशे के खिलाफ इस रैली में अपनी जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगे। समापन समारोह सेक्टर-4 स्थित दशहरा ग्राउंड में होगा। डीसी अनीश यादव मंगलवार को साइक्लोथॉन रैली के आयोजन स्थल का दौरा करने के उपरांत बोल रहे थे।
घरौंडा विधायक हरविंदर कल्याण, नगर निगम मेयर रेणुबाला गुप्ता, जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, एसपी शशांक कुमार सावन ने अलग-अलग विभाग के आला अधिकारियों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-4 दशहरा ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एचएसवीपी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीसी अनीश यादव ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, लोगों के बैठने की व्यवस्था, साउंड सर्विस, एलईडी स्क्रीन के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस साइक्लोथॉन रैली के समापन समारोह में आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न आए।
ज्यादा से ज्यादा संख्या में हिस्सा लें आमजन
डीसी अनीश यादव ने आमजन से अपील की है कि इस साइक्लोथॉन रैली के समापन समारोह में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह रैली नशे के खिलाफ निकाली गई है, जिसमें युवाओं की भागीदारी सबसे अहम है। हम सभी को नशे के खिलाफ इस लड़ाई में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा एक बहुत बड़ी सामाजिक बुराई है, इसके खिलाफ एकजुट होना चाहिए।
स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे कार्यक्रम में शामिल
डीसी अनीश यादव ने कहा कि 1 सितंबर को करनाल से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने साइक्लोथॉन रैली को हरी झंडी दिखाई थी। इस रैली का समापन करनाल में ही 25 सितंबर को होगा और स्वयं मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में युवाओं का बड़ा जनसमूह शामिल होगा। साइक्लोथॉन रैली ने प्रदेश के सभी जिलों में घूमकर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया है, यह अपने आप में सराहनीय है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, भाजपा नेता बृजगुप्ता, एडीसी डॉ.वैशाली शर्मा, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम घरौंडा अदिति, एसडीएम इंद्री अशोक कुमार, सीईओ जिला परिषद गौरव कुमार, सीटीएम अमन कुमार, डीएसडब्लू सत्यवान ढिलौड़, डीएसपी नायब सिंह, एक्सईएन धर्मबीर सिंह व धर्म सुहाग मौजूद रहे।


















