सुशासन का मिशन हो रहा पूरा,अंतिम व्यक्ति को मिल रहा योजनाओं का लाभ- रेनू बाला गुप्ता, महापौर।

एस आर योगी
करनाल
सुशासन दिवस लोगों के कल्याण और बेहतरी को बढ़ाने के लिए, अच्छी और प्रभावी नीतियों से सुशासन का मिशन हो रहा पूरा, अंतिम व्यक्ति को मिल रहा योजनाओं का लाभ- रेनू बाला गुप्ता, महापौर।
नगर निगम ने अटल पार्क में मनाया सुशासन दिवस कार्यक्रम, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर किए पुष्प अर्पित, जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा और नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद।
करनाल 25 दिसंबर, नगर निगम द्वारा स्थानीय अटल पार्क में सुशासन दिवस मनाया गया। महापौर रेनू बाला गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा, जिला उपाध्यक्ष प्रवीन लाठर, वार्ड 8 की पार्षद मेघा भंडारी, मंडल महामंत्री रमेश गिल, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त अदिति तथा अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
महापौर रेनू बाला गुप्ता ने पार्क में मौजूद पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की विशाल प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पंडित मदन मोहन मालवीय जी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस लोगों के कल्याण और बेहतरी को बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। इसका उद्देश्य देश के नागरिकों को सरकार के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में बताना है। इसके साथ ही देश में सुशासन के मिशन को पूरा करने के लिए अच्छी और प्रभावी नीतियों को लागू करना है, ताकि प्रत्येक देशवासी को उनका लाभ दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि अटल जी ने ही देश में सुशासन की नींव डाली थी। सुशासन दिवस भारत में प्रतिवर्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के रूप में मनाया जाता है। प्रधानमंत्री वाजपेयी को सम्मानित करने के लिए 2014 में सुशासन दिवस की स्थापना की गई थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सुशासन निरंतर आगे बढ़ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश ने सुशासन के नए आयाम छुए थे। आज हमें इसी तरह के दृढ़ संकल्प लेने की जरुरत है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल सके। यदि हम समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सुविधाएं प्रदान करेंगे, तभी हमारा दायित्व पूरा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारत को विकसित देश बनाने के साथ-साथ अंत्योदय का पालन भी कर रहे हैं। आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री अन्न कल्याण योजना, इन्द्र धनुष टीकाकरण योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना व पीएम स्वनिधि जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं देश में चलाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने व्यव्स्था परिवर्तन से सुशासन का कार्य किया है। उनके प्रयासों से व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। इस बदलाव के बेहतर परिणाम लंबे समय तक हमें लाभ देंगे। आज तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं में सुधार का कार्य कर रहे हैं। लोगों को घर बैठे योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी को समाज के प्रत्येक वर्ग की सोच है, वे किसान, मजदूर, गरीब हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाओं का क्रियान्वन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार माननीय प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जी नेतृत्व में काम करते हुए सुशासन के मार्ग पर चल रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेशभर में जा रही है और पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी नीतियों से नागरिकों को घर बैठे ही सुविधाएं मिल रही हैं, उन्हें अब अपने कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।


















