वीडीए की ऑनलाइन एनओसी सेवा का शुभारम्भ,अब घर बैठे मिलेगी एनओसी सुविधा – श्री पुर्ण बोरा

वाराणसी :- वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा द्वारा 7 अप्रैल 2026 मंगलवार को उपाध्यक्ष कार्यालय वाराणसी विकास प्राधिकरण में ऑनलाइन एनओसी प्रणाली का औपचारिक शुभारम्भ किया गया | इस अवसर पर सचिव डॉ.वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ.गुडाकेश शर्मा तथा नगर नियोजक प्रभात कुमार उपस्थित रहे | कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को नई प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा इसके उपयोग की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया | इस नवीन डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिकों को अब विभिन्न प्रकार की एनओसी प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी | ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल,पारदर्शी,समयबद्ध एवं सुगम हो जाएगी जिससे नागरिकों के समय एवं संसाधनों की बचत होगी |
इस ऑनलाइन प्रणाली के अंतर्गत नागरिक धारा 80 एनओसी (सेक्शन 80), लैंड यूज एनओसी (लैंड यूज़),बार एनओसी,सराय एनओसी,पेट्रोल पम्प एनओसी तथा पटाखा लाइसेंस एनओसी के लिए घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे | पोर्टल के माध्यम से आवेदक अपने आवेदन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं तथा आवेदन की प्रगति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे | साथ ही प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की सूचना डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी जिससे कार्यवाही अधिक पारदर्शी बनेगी |
उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा ने बताया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा नागरिक सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से एनओसी जारी करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा अनावश्यक विलम्ब की समस्या में कमी आएगी | यह पहल शासन की ई-गवर्नेंस एवं डिजिटल इंडिया की भावना के अनुरूप नागरिकों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है |
नागरिक वाराणसी विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट www.vdavns.com तथा noc.vdavns.com पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं | पोर्टल पर उपलब्ध दिशा निर्देशों का पालन करते हुए आवेदक आसानी से अपनी एनओसी के लिए आवेदन कर सकेंगे |
वाराणसी विकास प्राधिकरण नागरिकों को आधुनिक,पारदर्शी एवं सुगम सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती रहेंगी ||


















