असम/गुवाहाटी

मैरिनर्स ने जीत से रखा ईस्ट बंगाल एफसी पर दबदबा बरकरार

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

गुवाहाटी, 11 जनवरी: मोहन बागान सुपर जायंट ने अपनी चिर-प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल एफसी के खिलाफ चौथी बार लीड डबल पूरा करके इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की कोलकाता डर्बी में अपना दबदबा बरकरार रखा है, जब मैरिनर्स ने शनिवार को इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेली गई आईएसएल 2024-25 की कोलकाता डर्बी के दूसरे मुकाबले में ईस्ट बंगाल एफसी को 1-0 से हरा दिया। रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड के खिलाफ 10 आईएसएल मुकाबलों में से मैरिनर्स की नौवीं जीत में ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर जैमी मैक्लारेन ने दूसरे मिनट में गोल दागा। जैमी मैक्लारेन को मैच का एकमात्र गोल करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

आज, मैरिनर्स की दबदबे भरी जीत से स्पेनिश हेड कोच जोस मोलिना निश्चित रूप प्रसन्न होंगे। मोहन बागान सुपर जायंट 15 मैचों में 11 जीत, दो ड्रा और दो हार से 35 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं। वहीं, रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड की हार से स्पेनिश हेड कोच ऑस्कर ब्रुज़ोन जरूर निराश होंगे। ईस्ट बंगाल एफसी 15 मैचों में चार जीत, दो ड्रा और नौ हार से 14 अंक लेकर तालिका में 11वें स्थान पर कायम है।

मैच का एकमात्र गोल दूसरे मिनट में आया, जब ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर जैमी मैक्लारेन ने मोहन बागान सुपर जायंट को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। राइट-बैक आशीष राय ने हाफ लाइन के करीब दाहिनी तरफ से थ्रू-पास बॉक्स के अंदर डाला, जिसके पीछे से दौड़ कर बॉक्स के अंदर पहुंचे जैमी ने दाहिने पैर से करारा शॉट लगाकर गेंद को बॉटम राइट कॉर्नर के अंदर पहुंचा दिया जबकि ईस्ट बंगाल एफसी के गोलकीपर प्रभसुख गिल ने आगे आकर उनको ब्लॉक करने की भरपूर कोशिश की लेकिन गेंद उनके बायीं तरफ से गोल लाइन पर कर गई।

एक गोल से पिछड़ रही रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड को 64वें मिनट में करारा झटका लगा, जब डिफेंसिव मिडफील्डर सौविक चक्रवर्ती को रैफरी वेंकटेश आर. ने दूसरा येलो कार्ड यानी रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया क्योंकि उन्होंने मैरिनर्स के काउंटर अटैक को तोड़ने के चक्कर में अपने बॉक्स के बाहर लेफ्ट-विंगर लिस्टन कोलासो को गिराकर फाउल कर दिया। इसके बाद ईस्ट बंगाल को लगभग 25 मिनट तक दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। सौविक को पहला येलो कार्ड 39वें मिनट में दिखाया गया था।

पहले हाफ में दबदबा मोहन बागान सुपर जायंट का रहा, क्योंकि मैरिनर्स ने ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर जैमी मैक्लारेन के गोल की मदद से बढ़त बनाई और उसे बरकरार रखा। लिहाजा, मोहन बागान सुपर जायंट 1-0 की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गए। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण मोहन बागान सुपर जायंट का 54 फीसदी रहा। मैरिनर्स ने सात प्रयास किए, जिनमें से दो शॉट टारगेट पर रखे और एक पर गोल आया। वहीं, गेंद पर 46 फीसदी कब्जा रखने वाली ईस्ट बंगाल एफसी की ओर से छह प्रयास किए गए और सभी टारगेट से बाहर थे, जिस कारण गोल नहीं आया।

यह आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 10वां मुकाबला था और आज मोहन बागान सुपर जायंट्स नौवीं बार जीते हैं और एक मैच ड्रा रहा है। लेकिन ईस्ट बंगाल एफसी का जीत का इंतजार बढ़ गया है। इस परिणाम के साथ ही मैरिनर्स ने सीजन की इस कोलकाता डर्बी में पलड़ा अपने पक्ष में रखा है, क्योंकि उन्होंने डर्बी का पहले मुकाबले में ईस्ट बंगाल को 2-0 से हराया था।

HALIMA BEGUM

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button