महाकवि ओएसिस स्कूल में सुब्रमण्यम भारती का जन्मोत्सव मनाया गया।

भाषा देश के उन्नति व प्रगति का रीढ़ : प्राचार्य
आईरा न्यूज़ नेटवर्क : स्टेट हेड
हजारीबाग : शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के दिशा निर्देश के आलोक में महाकवि सुब्रमण्यम भारती का जन्म दिवस भारतीय भाषा उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल सभागार में हिंदी, उर्दू, खोरठा, हैनागपुरी व बांग्ला भाषा पर सेमिनार आयोजित किया गया। इस भाषा उत्सव में स्कूल के छात्र छात्राओं ने बड़े उत्साह व उमंग के साथ हिंदी, उर्दू, बांग्ला, खोरठा एवं नागपुरी भाषाओं में गायन, वादन व नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने अलग-अलग समूहों में अपने शानदार प्रस्तुति से सबको आकर्षित किया। कार्यक्रम को संबोधित कर हजारीबाग सीबीएसई के सिटी को- ऑर्डिनेटर व स्कूल के प्राचार्य डॉ. एहसान-उल- हक ने कहा कि भारतवर्ष प्राचीन काल से ही विश्व सभ्यता को अपने कला, संगीत, उच्च विचार, एकता आदि अपनी विभिन्न भाषा विधाओं से सिंचित करने का कार्य किया है। आगे कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों की क्षेत्रीय भाषाओं की खूबसूरती हमारी विशेष पहचान है। इसलिए हमारी परम कर्तव्य है कि हम अपने क्षेत्रीय भाषाओं पर गर्व करें एवं इसके प्रति जागरूक बन समाज में जागृति बनाए रखें। उन्होने बच्चों को सम्बोधित कर कहा कि भाषा देश के उन्नति और प्रगति की रीढ़ है। एक सफल एवं उन्नत राष्ट्र का निर्माण देश के सभी भाषाओं के संरक्षण और पोषण से संभव है। उन्होने शिक्षा जगत के सभी शिक्षाप्रेमियों से देश के विभिन्न भाषाओं के प्रति प्रेम को बढ़ाने की अपील की है। कार्यक्रम में उर्दू के डॉ. जफरुल्लाह सादिक, खोरठा के अर्जुन राम व डॉ. कृष्ण गोप रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर ओएसिस स्कूल के कोषाध्यक्ष तनवीर अहमद ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता में स्कूल के प्राचार्य व उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। वहीं स्कूल के अध्यक्ष शब्बीर अहमद ने कहा कि ओएसिस स्कूल हमेशा ही सीबीएसई के दिशा निर्देशों को पूरी तरह अनुसरण करने का कार्य किया है। उन्होंने बतौर सीबीएसई के सिटी को-ऑर्डिनेटर डॉ. एहसान-उल हक को सीबीएसई के निर्देशों को अमली जामा पहनाने के लिए धन्यवाद प्रकट किया।






