बागवानी अपनाकर अनुदान योजनाओं के लाभ से आमदनी बढ़ाएं किसान : उपायुक्त अनीश यादव।

सुमरिन योगी
करनाल ( हरियाणा)
बागवानी अपनाकर अनुदान योजनाओं के लाभ से आमदनी बढ़ाएं किसान : उपायुक्त अनीश यादव।
योजनाओं का लाभ लेने के लिए फसल का मेरी फसल-मेरा ब्यौरा व बागवानी विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण से मिलेगा योजनाओं का लाभ।
करनाल 4 जुलाई, उपायुक्त अनीश यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा बागवानी को प्रोत्साहन देते हुए किसानों को अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला में बागों के क्षेत्र को बढ़ाने के लिए विशेष अनुदान योजना लागू की गई है। योजना के तहत उच्च घनत्व पौधे रोपन बागो में (अमरूद, नीबू वर्गीय आदि) 50 हजार रूपये प्रति एकड अनुदान राशि का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। एमआईडीएच स्कीम की गाईड लाईन के तहत पहले साल 30 हजार रूपये व दूसरे-तीसरे साल 10-10 हजार रूपये रख-रखाव के लिए अनुदान राशि के रूप में दिए जाएंगे। वहीं टिशूकल्चर खजूर के बाग लगाने पर बागवानी विभाग द्वारा किसानों को 1 लाख 40 हजार रूपये अनुदान के रूप में दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि बागवानी के इच्छुक किसान एक्रीडेटेड नर्सरी, टिशूकल्चर लैब व विभाग द्वारा अधिकृत लैब से अपने पौधे प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एनएचबी अधिकृत नर्सरी की लिस्ट www.nhb.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। विभागीय स्कीमों का लाभ लेने के लिये किसानों का मेरी फसल – मेरा ब्यौरा पोर्टल पर बागवानी फसलों के पंजीकरण सहित विभागीय पोर्टल https://hortnet.gov.in पर पंजीकरण व पूर्ण दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत एक किसान अधिकतम 10 एकड़ तक अनुदान का लाभ ले सकता है। इसके साथ-साथ जिला के वे किसान जो बागवानी प्रशिक्षण की इच्छा रखते हैं, वे उद्यान विभाग हरियाणा की वेबसाइट https://kaushal.hortharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजनाओं के विषय में अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान अधिकारी, कार्यालय से संपर्क कर सकते है।



























