छात्र पर पांच अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर किया घायल
बिजनोर-महकार सिंह तोमर

बिजनौर। स्कूल से पढाई करके लौट रहे कक्षा 6 के छात्र पर पांच अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना का सूचना पुलिस को देकर छात्र को उपचार के लिये सीएचसी में भर्ती कराया।
नहटौर थाना क्षेत्र के गाँव महमूदपुर कामिल उर्फ नवादा निवासी अशरफ का ग्यारह वर्षीय पुत्र कैश शादीपुर रोड स्थित एसजीएल पब्लिक स्कूल ककराला में कक्षा 6 का छात्र है। नित्य की भांति मंगलवार को भी वह करीब तीन बजे स्कूल से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि जब वह नवादा चौहान मंदिर के निकट पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आये पाँच नकाबपोश बदमाशों ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए लोहे की रॉर्ड से हमला कर दिया। बालक की चीख पुकार सुन घटना स्थल की ओर आते लोगों को देख आरोपी फरार हो गये। सूचना पर आनन-फानन में पहुंचे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को देकर उसे उपचार के लिये भर्ती कराया। छात्र के पिता अशरफ ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाही की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाही शुरू कर दी है।


















