गांव की चौपाल में समाधान: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

आईरा न्यूज़ नेटवर्क
खबर वही जो हो सही
www.airanewsnetwork.com
गांव की चौपाल में समाधान: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
बिजनौर, 11 जून 2025:
विकास खंड नजीबाबाद की ग्राम पंचायत मोटाढाक में आज जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर की अध्यक्षता में गांव की समस्या – गांव में समाधान कार्यक्रम के अंतर्गत एक जन चौपाल का आयोजन किया गया। शाम 5:00 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में ग्रामवासियों की समस्याएं मौके पर ही सुनी गईं और उपस्थित अधिकारियों द्वारा उनके समाधान की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी नजीबाबाद, ग्राम प्रधान, जिला विकास अधिकारी रचना गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी दमनप्रीत सिंह अरोड़ा, डीसी मनरेगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
चौपाल से पूर्व जिलाधिकारी ने मोटाढाक स्थित बलूनी पब्लिक स्कूल में आंगनबाड़ी केंद्र पर महिलाओं की गोद भराई रस्म करवाई, बच्चों को अन्नप्राशन कराया और पुष्टाहार का वितरण किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन का लक्ष्य है कि गांवों में निवासरत नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं पात्रता के आधार पर पहुंचें। ग्राम चौपाल इसी दिशा में एक कारगर माध्यम है जो जमीनी स्तर पर त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करता है।
उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया कि गांव में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ की जाए। साथ ही, पाइपलाइन कार्यों के कारण सड़कों पर पड़े सभी गड्ढों को तत्काल भरवाने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वृद्धावस्था, निराश्रित और दिव्यांगजन पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें पेंशन का लाभ दिलाने के लिए गांव में विशेष कैंप लगाए जाएं।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सभी मुद्दों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि गांव का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
चौपाल से पूर्व जिलाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र और ग्राम सचिवालय का निरीक्षण भी किया, जहां सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित पाई गईं।
📍 रिपोर्ट: आईरा न्यूज़ नेटवर्क, बिजनौर
📸 फोटो/वीडियो कवरेज: airanewsnetwork.com पर देखें


















