वाराणसी/उत्तरप्रदेश

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय स्थित अहिवासी कला दीर्घा में बी. एफ. ए. (चित्रकला) के 11 विद्यार्थियों की चित्र प्रदर्शनी ‘रंग मंजरी’ उदीयमान प्रतिभाओं को प्रदर्शित

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

यह प्रदर्शनी एक विचारोत्तेजक एवं दृष्टि-संवेदनशील कला की बानगी है, जो न केवल सामूहिक सामर्थ्य का प्रतीक है, अपितु नवाचार और सृजनशीलता का अद्भुत समागम भी है।

ये ग्यारह कलाकार—एश्वर्या हलदर, स्वागतो दास, सत्यजीत सिंह, अभिनव मौर्य, कीर्ति सिंह, हर्ष मौर्य, श्रुति कुमारी, हिमांशु यादव, प्रशंसिका श्री, येशू बाबू, आदित्य सेन—अपनी-अपनी कलात्मक दृष्टियों को इस प्रदर्शनी में साझा कर रहे हैं। यद्यपि प्रत्येक की अभिव्यक्ति व्यक्तिगत अनुभूतियों पर आधारित है, तथापि वे सभी काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय में चित्रकला के स्नातक विद्यार्थी होने के नाते एक साझा शैक्षणिक यात्रा से संबद्ध हैं। ‘रंग मंजरी’ शीर्षक के अंतर्गत इनका यह सामूहिक प्रयास उसी प्रकार है, जिस प्रकार विभिन्न रंग और सुगंध के अनेक पुष्प मिलकर एक पुष्प कुछ का निर्माण करते हैं। यह प्रदर्शनी उनकी वैयक्तिक विशिष्टताओं के साथ-साथ समूह में कार्य करने की समन्वयशक्ति एवं सामूहिक चेतना को भी उद्घाटित करती है।

यह प्रदर्शनी समकालीन विषयों की एक व्यापक परिधि को स्पर्श करती है—जिसमें मानवीय संबंध एवं पहचान से लेकर सामाजिक-सांस्कृतिक परिवर्तनों तथा ब्रह्मांडीय प्रतीकात्मकता तक की अभिव्यक्ति सम्मिलित है। कलाकार भौतिक एवं आध्यात्मिक, स्मृति एवं परिवर्तन तथा परंपरा एवं आधुनिकता के मध्य अंतर्संबंधों में रचनात्मक रूप से तल्लीन हैं। उनके भावों की आधारशिला पारंपरिक भारतीय कलारूपों, अमूर्त प्रतीकों, ग्रामीण एवं शहरी विरोधाभासों तथा पर्यावरणीय चेतना से निर्मित है।

‘रंग मंजरी’ केवल एक कला प्रदर्शनी ही नहीं है, अपितु यह एक सामूहिक कथानक है—एक कलात्मक संवाद, जो आज के युवाओं की व्यग्रता, आकांक्षाओं एवं संवेदनशीलताओं का सजीव चित्रण करता है। प्रदर्शित कृतियाँ परंपरा एवं परिवर्तन, योजना एवं निष्पादन के बीच के तनाव को आत्मसात करती हैं और युवा जीवन की जटिल सामाजिक-भावनात्मक पृष्ठभूमियों में अंतर्दृष्टि प्रदान करती हैं।

प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा और दृश्य कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने किया। डॉ. विश्वकर्मा ने कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए बताया कि यह अवसर भी समुचित है। वसंत ऋतु और नव संवत्सर के आरंभ की वेला में कलाकृतियों के समूह से सही अर्थों में रंग मंजरी का निर्माण हुआ है। उन्होंने सभी युवा कलाकारों को इस प्रकार के आयोजन करते रहने हेतु प्रोत्साहित किया। संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने विद्यार्थियों को इस प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्र कलाकार के रूप में स्वयं को स्थापित करने के लिए यह बहुत आवश्यक है। इस अवसर पर भारत कला भवन के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ नवल कृष्ण, चित्रकला विभाग से डॉ. महेश सिंह, श्री सुरेश नायर, डॉ ललित मोहन सोनी, डॉ किरण गुप्ता, डॉ सुनील कुमार पटेल, व्यावहारिक कला विभाग के डॉ आशीष गुप्ता श्री ज्ञानेंद्र कनौजिया श्री कृष्णा सिंह तथा मूर्तिकला विभाग से डॉक्टर मिथुन कुमार दत्ता समेत अनेक आचार्यगण, शोधार्थी, विद्यार्थी और कलाप्रेमी उपस्थित रहे।

चित्रकला विभाग में सहायक आचार्य डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड़ द्वारा क्यूरेट की गई यह प्रदर्शनी इन नवोदित कलाकारों के लिए अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति को स्वर देने और एक नवीन यात्रा का आरंभ करने हेतु एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि भारतीय नव संवत्सर के अवसर पर आयोजित यह कला प्रदर्शनी 11 युवा कलाकारों द्वारा आयोजित होने के कारण रंग मंजरी शीर्षक से आयोजित की गई है। ऊर्जा, नवोन्मेष और मौलिकता की चमक से युक्त, ‘रंग मंजरी’ युवा पीढ़ी के लिए एक प्रभावशाली कलात्मक पथ की प्रस्तावना करता है। यह प्रदर्शनी दिनांक 1 अप्रैल तक आमजन के अवलोकनार्थ उपलब्ध है।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button