एस.डी एम्.कार्यालय के पास किसान द्वारा आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने लिया हिरासत मे

काशीपुर/ उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,, अपने खेत का रास्ता खुलवाने की मांग कर रहे एक किसान ने एसडीएम कार्यालय के बाहर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद एलआईयू और पुलिस कर्मियों ने डीजल की केन छीन कर उसका मंसूबा विफल कर दिया। वहीं सूचना पर सीओ चकबंदी व आईटीआई कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने किसान को हिरासत में ले लिया। जानकारी के मुताबिक ग्राम ढकिया कला निवासी राजकुमार गिरी का भूमि विवाद चल रहा है। मांगों के निस्तारण के लिए वह लगातार अधिकारियों से भी पत्राचार कर रहा है। यहां तक प्रशासन द्वारा उसकी भूमि पर चौपाल लगाकर कई समस्याओं का निस्तारण भी कर दिया गया। अब एक बार फिर उक्त किसान ने खेत में जाने वाला रास्ता खुलवाने की मांग कर दी। साथ ही मांग पूरी न होने पर आत्मदाह की धमकी दी। किसान ने कहा कि रास्ता न होने के कारण वह अपने गन्ने की फसल नहीं काट पाया है। उसकी फसल बर्बाद हो रही है। मंगलवार दोपहर किसान राजकुमार स्कूटी से सीधे एसडीएम कार्यालय परिसर पहुंचा और स्कूटी से केन उतारकर डीजल अपने ऊपर डाल दिया। इसी बीच वहां मौजूद एलआईयू और पुलिस कर्मियों ने किसान को पकड़कर डीजल की केन छीन ली। सूचना पर सीओ चकबंदी प्रदीप कुमार गर्ग, आईटीआई कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सैनी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सीओ चकबंदी ने किसान को समझाने का प्रयास किया और कहा कि सभी कार्य नियमानुसार हो रहे हैं। वहीं किसान आत्मदाह की मांग पर अड़ गया। आरोप लगाया कि उसे न्याय नहीं मिल रहा है। इस पुलिस किसान को हिरासत में लेकर आईटीआई कोतवाली ले गई, जहां धारा 151 में उसका चालान कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि किसान राजकुमार पहले भी 16 नवंबर और 17 दिसंबर को आत्मदाह की चेतावनी दे चुका है। एक बार वह पेट्रोल लेकर भी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वह परिजनों के साथ एसडीएम कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर भी बैठ चुका है। सीओ चकबंदी ने बताया कि किसान की कई मांगें पूरा की गई हैं। उसके बाद किसान ने धन्यवाद पत्र भी विभाग को दिया है। किसान द्वारा बार-बार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो मांगें रखी गई हैं वह नजायज हैं। किसान द्वारा बेवजह दबाब बनाया जा रहा है। नाजायज काम कराया जा रहा है। साथ ही मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई है। सरकारी आदेश का पालन किया जाएगा।


















