अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसे-अतिरिक्त उपायुक्त- जनता रखे नजर और प्रशासन को दे सूचना।

अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसे-अतिरिक्त उपायुक्त
अवैध खनन करने वालों पर आम जनता रखे नजर और प्रशासन को दे सूचना।
करनाल, 27 फरवरी। अतिरिक्त उपायुक्त यश जालुका ने एनफोर्समेंट शाखा के एसएचओ को निर्देश दिये कि अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और उनके वाहन भी जब्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा जाए और खनन विभाग की ओर से संबंधित को नोटिस जारी किए जाएं और रिकवरी के लिए प्लैंटी भी लगाई जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त वीरवार को लघु सचिवालय में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने एनफोर्समेंट एसएचओ से अवैध खनन को लेकर दर्ज की गई एफआईआर में आगे की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर आगे कार्यवाही अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों पर आम जनता नजर रखे और इसकी सूचना प्रशासन को दे।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन के मामले में जब्त किए गए वाहनों में से सुपरदारी के बाद शेष वाहनों का निपटारा भी जल्दी करवाएं। उन्होंने कहा कि जहां जहां अवैध खनन की शिकायतें मिलती है ऐसे स्थानों पर पुलिस विभागों के साथ-साथ खनन विभाग के अधिकारी भी अपनी पैनी नजर रखें और उनके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाएं।
इस मौके पर जिला खनन अधिकारी निरंजन लाल ने बताया कि अप्रैल 2024 से फरवरी 2025 तक जिले में अवैध खनन के मामले में 141 वाहनों को जब्त किया गया जिनमें से 26 वाहनों को सुपरदारी पर तथा 4 वाहनों को अपील पर छोड़ा गया। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2024 से लेकर गत माह तक जब्त किए गए 141 वाहनों से जुर्माने के रूप में 47 लाख 14 हजार 327 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
इस मौके पर करनाल के एसडीएम अनुभव मेहता, घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, सिंचाई विभाग के एसडीओ रमेश कुमार तथा एनफोर्समेंट इंस्पेक्टर एसएचओ आदि मौजूद रहे।






