अपनी मेजबानी में असम सरकार ने केआईयूजी के लिहाज से नए मानक स्थापित किए

गुवाहाटी: खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 के चौथे संस्करण ने आतिथ्य और शानदार इंतजाम का एक नया मानक स्थापित किया है। इसमें भाग लेने वाले कई टीमों के यूनिवर्सिटी कंटींजेंट मैनेजर्स (यूसीएम) ने शीर्ष स्तर के बुनियादी ढांचे, आवास और यातायात की सुविधा करने के मामले में असम सरकार की जमकर प्रशंसा की। इन सभी पक्षों ने अच्छे भोजन के साथ-साथ गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमिटि (जीटीसीसी) से मिली त्वरित प्रतिक्रिया को भी सराहा।
यूसीएम ने पिछले एक पखवाड़े में राज्य में अपने अनुभव के बारे में बहुत कुछ अच्छा बताया और कहा कि माननीय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा केआईयूजी, अष्टलक्ष्मी में मेजबानों को सर्वोत्तम आतिथ्य और गर्मजोशी की पेशकश के वादे पर खरे उतरे हैं। साथ ही सभी ने कहा कि राज्य के पास आने वाले दिनों में इस तरह के बड़े आयोजनों की मेजबानी करने के लिए सभी संसाधन हैं।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023, अष्टलक्ष्मी के अपने अनुभव के बारे में एमडीयू ( रोहतक) के यूसीएम राजेंद्र प्रताप गर्ग ने कहा कि राज्य में सभी स्थानों पर बुनियादी ढांचे ने एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय मानकों का एहसास कराया है, और संभावित रूप से यह युवा ओलंपिक खेलों के आयोजन के लिए रिहर्सल हो सकता है।
गर्ग, जिन्होंने अपने करियर के दौरान 40 से अधिक अवसरों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है, उन्होंने कहा कि केआईयूजी में उपलब्ध कराए गए भोजन ने उनके दिल में एक विशेष स्थान बना लिया है।
श्री गर्ग ने कहा, “ मैं अपने करियर में जितने भी इवेंट्स का हिस्सा रहा हूं उनमें केआईयूजी अष्टलक्ष्मी, सबसे अच्छे संगठित इवेंट्स में से एक रहा है। चाहे वह बुनियादी ढांचा, आवास या फिर खानपान का मामला हो इस इवेंट को अच्छी तरह से प्रबंधित किया गया है। यह युवा ओलंपिक खेलों का पूर्वाभ्यास जैसा है। जहां तक बुनियादी ढांचे का सवाल है तो फिर यहां प्रतिस्पर्धा करने वाले एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय मानकों का एहसास हुआ है।”
उन्होंने कहा, “मैंने अपने करियर में 40 से अधिक बार भारत का प्रतिनिधित्व किया है, लेकिन मैंने कहीं भी इतनी गुणवत्ता वाला भोजन नहीं चखा है।”
डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के अभिजीत सिंह ने कहा कि वह 14 फरवरी से शहर में हैं और राज्य की गर्मजोशी और आतिथ्य शानदार रहा है।
पिछले तीन संस्करणों का हिस्सा रहे हैं सिंह ने कहा, “अगर हम भोजन, यात्रा और आवास की बात करते हैं, तो अन्य संस्करणों की तुलना में, यह सबसे अधिक व्यवस्थित है। मैं 14 फरवरी से यहां हूं और ऐसे मौके आए हैं जब जीटीसीसी ने देर रात 1:30 बजे तक हमारे अनुरोधों का जवाब दिया है। एक दल प्रमुख के रूप में, मैं अपने एथलीटों के बारे में बोल सकता हूं और वे आयोजन स्थलों पर सुविधाओं से बहुत खुश हैं।”
संबलपुर विश्वविद्यालय यूसीएम राम कुमार साहू, जिन्होंने ओडिशा में आयोजित केआईयूजी के उद्घाटन संस्करण को करीब से देखा है, उन्होंने इस इवेंट की सुचारू मेजबानी के लिए असम सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं ओडिशा से हूं, जिसने पहले केआईयूज की मेजबानी की थी, लेकिन मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि टूर्नामेंट बड़ा और बेहतर हो गया है। इतने बड़े आयोजन को इतनी आसानी से संपन्न कराने के लिए असम सरकार को श्रेय दिया जाता है।”
उन्होंने कहा, “केआईयूजी अष्टलक्ष्मी के बारे में सबसे अच्छी बात टीमों के रहने का स्थान है। मेजबानों ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रतिभागियों को सर्वोत्तम सुविधाएं मिलें।”
छह सदस्यों वाला डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय मेजबानों का एकमात्र प्रतिनिधित्व था, और विश्वविद्यालय के यूसीएम रंजीत बरुआ ने कहा कि असम सरकार ने इतने बड़े आयोजन के मानव संसाधन प्रबंधन के मामले में जबरदस्त काम किया है।
बरुआ ने कहा, “हमारे एथलीट मुख्य रूप से बैडमिंटन में थे, इसलिए अगर मैं आयोजन स्थल पर अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे की बात करता हूं ( यानी अमिनगांव में स्थित एनसीओई), तो इसकी कोई तुलना नहीं है। यह भारत या शायद दुनिया में सर्वश्रेष्ठ आयोजन स्थलों में से एक है। असम सरकार ने कई आयोजन सफलतापूर्वक किए हैं और यह इवेंट इस सूची में शीर्ष पर होगा। अभी लंबा रास्ता तय करना है और मुझे उम्मीद है कि भविष्य में हमें ऐसे कई आयोजनों की मेजबानी मिलेगी।”
—






